![]()
सोनभद्र में आगामी श्रावण मास की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस अलर्ट है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा की अध्यक्षता में पुलिस लाइन कॉन्फ्रेंस हॉल में एक संयुक्त समीक्षा बैठक हुई। इसमें प्रमुख शिवालयों में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के प्रबंधन पर चर्चा की गई। बैठक में शिवालयों की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर और संपर्क मार्गों पर पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और पार्किंग जैसी मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को श्रावण मास के दौरान प्रत्येक प्रमुख मंदिर और मेला क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पर्याप्त महिला पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाने को कहा। संवेदनशील स्थलों पर लगातार निगरानी रखने और किसी भी अव्यवस्था, अफवाह या असामाजिक गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। यातायात व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने प्रभावी ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान लागू करने के निर्देश दिए। संभावित भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए विस्तृत डायवर्जन प्लान तैयार कर उसका व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि श्रद्धालुओं को असुविधा न हो। प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त यातायात पुलिस बल तैनात करने, पार्किंग स्थलों का उचित निर्धारण करने, पैदल और वाहनों के आवागमन के लिए अलग-अलग व्यवस्था बनाने तथा आपातकालीन सेवाओं के लिए ग्रीन कॉरिडोर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में यातायात की नियमित निगरानी कर जाम या अव्यवस्था की स्थिति से बचने को कहा गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को प्रमुख मंदिरों और मेला स्थलों पर चिकित्सा दल, एम्बुलेंस, प्राथमिक उपचार केंद्र और आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इसका उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सुविधा प्रदान करना है।
Source link
सोनभद्र में श्रावणमास की तैयारियों पर डीएम-एसपी ने की समीक्षा:सुरक्षा, सुविधा और यातायात व्यवस्था के लिए अधिकारियों को निर्देश