सैफई यूनिवर्सिटी के पास नाले में मिला क्लर्क का शव:शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान, प्राइवेट कॉलेज में नौकरी करते थे


इटावा में सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी के बाहर नाले में एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नाले से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शनिवार दोपहर करीब 2 बजे शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। शरीर पर किसी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। 35 साल के आलोक यादव उर्फ रवि निवासी रहमतपुर, थाना तिर्वा जनपद कन्नौज के रहने वाले थे। वह वर्तमान में इटावा के फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र में परिवार के साथ रह रहे थे और सैफई के एक निजी विद्यालय में बाबू के पद पर कार्यरत थे। राहगीरों ने नाले में शव पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह राठी और पीजीआई चौकी प्रभारी राजीव कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस को मृतक की बाइक नाले के पास पुलिया के किनारे खड़ी मिली।परिजनों ने बताया कि आलोक शुक्रवार शाम घर से निकले थे। रात में उन्हें सैफई क्षेत्र में देखा गया था, लेकिन इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला नाले में गिरने से डूबकर मौत का प्रतीत हो रहा है। हालांकि मौत के सही कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोई आरोप नहीं लगाया गया है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *