सुल्तानपुर में पेड़ गिरने से एक की मौत, एक घायल:आंधी-बारिश से मौसम बदला, 2.2 मिमी बरसात से कई जगह जलभराव


सुल्तानपुर में रविवार सुबह तेज आंधी और बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। धनपतगंज क्षेत्र के रामनगर गांव में एक चक्की पर पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया। शहरी इलाकों में गर्मी से राहत मिली, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों की चिंता बढ़ गई है। यह हादसा धनपतगंज के रामनगर गांव में हुआ। अजीत सिंह (55) पुत्र शिव सिंह अपनी चक्की पर थे, तभी वहां खड़े महुआ के पेड़ की एक भारी डाल टूटकर गिर गई। इस घटना में अजीत सिंह की मौके पर ही मृत्यु हो गई। नरेंद्र सिंह (62) पुत्र जगदम्बा सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है और जांच कर रही है। तेज बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। सड़कों से लेकर घरों तक पानी भर गया। नवीन मंडी अमहट भी पानी से लबालब हो गई। देहली बाजार स्थित नंद ऑयल मिल पर लगे सोलर पैनल भी सुबह की तेज आंधी में उखड़ गए।
जिले में कुल 2.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। सुबह के समय तापमान 29 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जबकि हवा की गति 14-22 किमी/घंटा दर्ज की गई, जिसमें 32 किमी/घंटा तक के झोंके भी शामिल थे। मौसम विभाग के अनुसार, दोपहर में तापमान 33 से 36 डिग्री सेल्सियस और शाम को 30 से 35 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जिसमें हवा की गति 18-32 किमी/घंटा और झोंके 50 किमी/घंटा तक पहुंच सकते हैं। उल्लेखनीय है कि पांच दिन पहले आए तूफान में भी जिले में सात लोगों की मौत हुई थी। इन घटनाओं ने प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *