![]()
रामपुर के निसवी गांव की पूजा गुरुवार सुबह करीब 10 बजे अपने बीमार पति सुरेश (35) को ई-रिक्शा में लेकर डीएम के पास पहुंची। पूजा ने पति के इलाज के लिए आयुष्मान कार्ड बनवाने और परिवार को राशन उपलब्ध कराने की मांग की। महिला की समस्या सुनने के बाद डीएम ने उसे जांच और इलाज के लिए सीएमओ कार्यालय भेज दिया। सीएमओ कार्यालय से अब पूजा को पति की जांच के लिए डॉक्टरों के पास भेजा जा रहा है। पूजा ने बताया कि करीब तीन महीने पहले उसके पति सुरेश का बिलासपुर में हादसा हो गया था। हादसे में वे घायल हो गए थे। इसके बाद पति के इलाज में घर की जमा पूंजी खत्म हो गई। परिवार के पास दो बीघा जमीन थी, उसे भी इलाज का खर्च जुटाने के लिए बेच दिया। जमीन से मिले पैसे भी इलाज में खर्च हो गए, लेकिन सुरेश पूरी तरह ठीक नहीं हो सके। पूजा के मुताबिक, उसकी शादी को करीब 15 साल हो चुके हैं, लेकिन अब तक परिवार का राशन कार्ड नहीं बन सका है। पति मजदूरी करके जो पैसे कमाते थे, उसी से घर का खर्च चलता था। हादसे के बाद सुरेश काम पर नहीं जा पा रहे। ऐसे में परिवार के सामने इलाज और रोजमर्रा के खर्च का संकट आ गया है। पूजा ने बताया कि उसके तीन बच्चे हैं। आर्थिक स्थिति खराब होने से बच्चों की पढ़ाई पर भी असर पड़ रहा है। घर में राशन की भी दिक्कत है और सरकारी राशन की दुकान से राशन नहीं मिल पा रहा है। महिला का कहना है कि पति के इलाज में जमा पूंजी और जमीन तक खत्म हो गई है। अब इलाज के लिए उसके पास कोई रास्ता नहीं बचा है। इसी उम्मीद में वह पति को लेकर डीएम के पास पहुंची थी। पूजा को उम्मीद है कि आयुष्मान कार्ड बन जाने से सुरेश का इलाज सरकारी योजना से हो सकेगा। साथ ही राशन कार्ड बनवाकर परिवार को सरकारी राशन भी मिल पाएगा।
Source link
पति के इलाज में जमा पूंजी और जमीन बिकी:रामपुर में आयुष्मान कार्ड के लिए डीएम से लगाई गुहार