![]()
सुल्तानपुर शहर के जल निगम परिसर स्थित तालाब में सोमवार सुबह 25 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के गले पर चोट के निशान मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक (फील्ड यूनिट) की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है। मृतक की पहचान 25 वर्षीय मोहम्मद साकिब उर्फ भंडारी पुत्र सहबान के रूप में हुई है। उसका मूल निवास गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के फरीदपुर गांव में है, जबकि बचपन से वह अपने मामा इलियास के यहां लोलेपुर चौहानी में रह रहा था। सोमवार सुबह लोगों ने जल निगम परिसर के पास स्थित तालाब में शव उतराता देखा, जिसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम (112) पर सूचना दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाया। शव की पहचान होने के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने दावा किया कि साकिब के गले पर चोट के निशान हैं। उनका आरोप है कि युवक की हत्या करने के बाद शव तालाब में फेंका गया है। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना की सूचना पर कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक सुरेश नारायण मिश्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ बोले- पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी स्थिति स्पष्ट नगर क्षेत्राधिकारी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि सोमवार को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि लोलेपुर चौहानी क्षेत्र स्थित तालाब में एक शव उतराता दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया गया। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से सभी जरूरी साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। मृत्यु के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
Source link
सुल्तानपुर में तालाब में मिला युवक का शव:गले पर चोट के निशान से हत्या की आशंका, फील्ड यूनिट ने जुटाए साक्ष्य