![]()
सीतापुर के लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर कमलापुर थाना क्षेत्र के सुरेचा गांव के पास शनिवार देर शाम करीब 10 बजे हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि पिकअप चालक समेत चार अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। जानकारी के अनुसार सुरेचा गांव के निकट लखनऊ-सीतापुर हाईवे पर एक तेज रफ्तार डंपर ने पिकअप वाहन में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में गौतम पुत्र बिरजूलाल निवासी अर्जुन नगर, थाना खैराबाद, जनपद सीतापुर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पिकअप चालक सहित चार अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में सुनील कुमार यादव पुत्र रामनाथ यादव निवासी सदन खेड़ा ऊंचा खेड़ा थाना कमलापुर, हासिम पुत्र हस्मत अली निवासी नेवादा थाना कमलापुर, सोहिल पुत्र जाकिर निवासी नेवादा थाना कमलापुर तथा पिकअप चालक राजवीर भाटी पुत्र ललतू राम निवासी हबीबपुर थाना रामकोट शामिल हैं। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिधौली भेजवाया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं मृतक गौतम के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने दुर्घटना के बाद डंपर चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार हादसे के बाद कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ, लेकिन पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए आवागमन सामान्य करा दिया। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Source link
सीतापुर NH-30 पर भीषण हादसा, एक की मौत:डंपर ने पिकअप को मारी टक्कर, 4 गंभीर घायल, डम्पर चालक हिरासत में