देवरिया के आदित्य कुमार मिश्र को BPSC में मिली सफलता:पहले ही प्रयास में सफल हुए, विपरीत परिस्थितियों में नहीं मानी हार


देवरिया के बरहज नगर पालिका गौरा बरहज निवासी आदित्य कुमार मिश्र ‘ऋषभ’ ने बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की परीक्षा में अपने पहले ही प्रयास में सफलता हासिल की है। इस उपलब्धि से उन्होंने अपने परिवार, गांव और जिले का नाम रोशन किया है। आदित्य शुरू से ही मेधावी छात्र रहे हैं। उन्होंने सीबीएसई बोर्ड से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं में 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए। इसके बाद उन्होंने मुंबई यूनिवर्सिटी से बी.ई. (सिविल) प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण किया और सिविल सेवा की तैयारी शुरू की। अपने लक्ष्य को लेकर वे निरंतर प्रयासरत रहे और दो बार आईएएस मुख्य परीक्षा में भी शामिल हुए। अपनी सफलता का श्रेय आदित्य ने मां दुर्गा की कृपा, अपनी दिवंगत माता के आशीर्वाद, कठिन परिश्रम और परिवार के सभी सदस्यों के सहयोग को दिया है। उल्लेखनीय है कि बिहार मुख्य परीक्षा से एक माह पूर्व उनकी माता बिंदु मिश्र का आकस्मिक निधन हो गया था, जिससे उनकी तैयारी प्रभावित हुई। हालांकि, इन विपरीत परिस्थितियों में भी ऋषभ ने धैर्य और साहस का परिचय देते हुए हार नहीं मानी। आदित्य के पिता प्रोफेसर अजय कुमार मिश्र स्थानीय बी.आर.डी. बी.डी. पी.जी. कॉलेज आश्रम के पूर्व प्राचार्य रह चुके हैं। आदित्य ने अपनी इस सफलता को अपने पितामह स्वर्गीय पंडित नर्वदेश्वर मिश्र, दादी स्वर्गीय विद्यावती मिश्र और मां स्वर्गीय बिंदु मिश्र को समर्पित किया है। उन्होंने अपनी सफलता में बड़े पिता डॉ. प्रदीप मिश्र, अरुण मिश्र, चाचा ज्ञानेंद्र मिश्र, राजेश मिश्र और अमरेंद्र मिश्र, बहनोई दुर्गेश तिवारी, सुबोध तिवारी, बहन ऋचा, श्वेता, नेहा और पूजा सहित परिवार के सभी सदस्यों के सहयोग और प्रेरणा को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि माता जी के न रहने पर पिता प्रोफेसर अजय कुमार मिश्र ने दोनों का फर्ज निभाते हुए हर कदम पर सहयोग और प्रेरणा दी। आदित्य की इस सफलता पर पूर्व आईएएस सीपी मिश्र, सांसद डॉ. आनंद गौड़, बरहज विधायक दीपक मिश्र शाका, पूर्व विधायक संजय यादव, प्रोफेसर अरुण त्रिपाठी, प्रोफेसर धीरेंद्र सिंह, नपा के पूर्व अध्यक्ष अजीत जायसवाल, प्रोफेसर वी.पी. पांडे, प्रेस क्लब बरहज के अध्यक्ष जे.पी. श्रीवास्तव, मुरारी अग्रवाल और प्रदीप जायसवाल सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने बधाई दी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *