सीतापुर में सियार के हमले से घायल युवक की मौत:तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने बांधा, पिता अस्पताल में भर्ती


सीतापुर के संदना थाना क्षेत्र के ग्राम रघुनाथपुर तेंदुआ में सियार के हमले में घायल हुए युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद सोमवार देर शाम करीब 7 बजे मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया, जबकि घायल युवक के पिता की हालत बिगड़ने पर उन्हें दोबारा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की सूचना पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार, 20 जुलाई को राजपाल (65) और उनके पुत्र रघुबीर (40) खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान एक सियार ने दोनों पर हमला कर दिया था, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोंदलामऊ ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बाद में दोनों का इलाज लखनऊ में भी कराया गया, जिसके बाद वे घर लौट आए थे। परिजनों के मुताबिक सोमवार सुबह अचानक रघुबीर की तबीयत बिगड़ गई और उनका व्यवहार असामान्य हो गया। उन्होंने लोगों की ओर दौड़ना और काटने का प्रयास शुरू कर दिया। किसी अनहोनी से बचने के लिए परिवार ने उन्हें घर पर रस्सी से बांध दिया। कुछ ही घंटों बाद उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है। वहीं एहतियात के तौर पर परिजनों ने राजपाल को भी दोबारा अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका उपचार जारी है। सूचना मिलते ही मिश्रिख वन रेंज के रेंजर सिकंदर सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि सियार के काटने के बाद इस तरह के लक्षण सामने आने का मामला उनके संज्ञान में पहली बार आया है। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चिकित्सकीय रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल वन विभाग और स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *