![]()
देवरिया में विद्युत विभाग के अवर अभियंता (JE) अखिलेश कुमार को शनिवार को निलंबित कर दिया गया है। उन पर वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी और विभागीय कामों में लापरवाही का आरोप है। अखिलेश कुमार विद्युत वितरण खंड गौरीबाजार के रामपुर कारखाना(पाण्डेय चक) 33/11 केवी उपकेंद्र पर तैनात थे। अधीक्षण अभियंता विद्युत वितरण मंडल अमित कुमार सिंह ने शनिवार को निलंबन आदेश जारी किया। निलंबन के दौरान उन्हें विद्युत वितरण खंड बरहज से जोड़ा गया है। अधीक्षण अभियंता ने बताया कि 17 सितंबर को सुबह 11 बजे विद्युत वितरण खंड गौरीबाजार की वीडियो कांफ्रेंसिंग से समीक्षा की जा रही थी। इस दौरान अवर अभियंता अखिलेश कुमार गाड़ी से वीसी में जुड़े थे। पूछने पर उन्होंने बताया कि वह गोरखपुर से आ रहे हैं। अधिकारियों ने उन्हें राजस्व वसूली पर खास ध्यान देने और शाम की वीसी में दिनभर के काम की जानकारी देने को कहा। शाम करीब 5:30 बजे दोबारा वीडियो कांफ्रेंसिंग हुई। इसमें अवर अभियंता अपने घर से जुड़े। पूछने पर उन्होंने बताया कि वह गोरखपुर चले गए हैं। कारण पूछने पर उन्होंने बताया कि वह सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक काम की जगह पर रहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सुबह लाइन पर काम कराया गया था, इसलिए वह शाम चार बजे मुख्यालय के लिए निकल गए थे।
निलंबन आदेश में बताया गया है कि अखिलेश कुमार काम की जगह पर नहीं रहते थे। राजस्व वसूली की प्रगति भी ठीक नहीं थी और उन्हें वसूली में कोई दिलचस्पी नहीं थी। साथ ही, विभागीय कामों में भी ढिलाई बरती गई। अधिशासी अभियंता की 17 सितंबर की रिपोर्ट के आधार पर उन्हें पहली नजर में दोषी मानते हुए निलंबित किया गया है।
Source link
वीडियो कांफ्रेंसिंग में अनुशासनहीनता, JE सस्पेंड:देवरिया में राजस्व वसूली में भी लापरवाही, अपनी सीट पर नहीं मिलते थे