सीतापुर में विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला:परिजनों ने ससुरालियों पर हत्या और दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया


सीतापुर के रामपुर कलां थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटकता मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मृतका के मायके पक्ष ने सास, ससुर और पति पर हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के ग्राम ढकवा निवासी मोनी की शादी वर्ष 2022 में रामपुर कलां थाना क्षेत्र के ग्राम समदा निवासी अंकित कश्यप पुत्र बाबू के साथ हुई थी। बताया जा रहा है कि विवाहिता का शव उसके ससुराल में फांसी के फंदे से लटका मिला, जिसके बाद परिजनों को सूचना दी गई।
मृतका के भाई प्रदीप ने आरोप लगाया कि उसकी बहन को शादी के बाद से ही दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि जब परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो मोनी के शरीर पर नाखून से नोचने जैसे निशान दिखाई दिए। इसके अलावा गर्दन पर भी चोट और काटने जैसे निशान मौजूद थे। परिजनों का आरोप है कि मोनी की हत्या करने के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया गया। घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष में आक्रोश व्याप्त है। परिजनों ने पति अंकित कश्यप, सास और ससुर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक जांच-पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रामपुर कलां थाना प्रभारी लल्ला गोस्वामी का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *