मैनपुरी में नवविवाहिता की मौत, पति समेत 5 पर FIR:दहेज हत्या का आरोप, 6 महीने पहले हुई थी शादी


मैनपुरी के करहल थाना क्षेत्र के नगला पाती गांव में 20 साल की नवविवाहिता शिवानी की मौत के मामले में पुलिस ने पति समेत पांच ससुरालियों पर दहेज हत्या का केस दर्ज किया है। मृतका के पिता की शिकायत पर पुलिस ने यह कार्रवाई की और मामले की जांच शुरू कर दी है। कुरावली थाना क्षेत्र के सिरसा गांव के रहने वाले राजेश कुमार ने बताया कि उनकी बेटी शिवानी की शादी 24 मार्च 2026 को नगला पाती निवासी अतुल कुमार से हुई थी। शादी में मायके वालों ने दो लाख रुपये नकद, एक बाइक, सोने की जंजीर, अंगूठी और घर का सारा सामान दिया था। आरोप है कि शादी के बाद से ससुराल वाले इससे खुश नहीं थे। वे अतुल को कारोबार शुरू कराने के लिए दो लाख रुपये और दहेज मांग रहे थे। शिवानी के पिता का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर पति अतुल उनकी बेटी को शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान करता था। 20 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे शिवानी ने फोन कर अपने परिवार वालों को तुरंत आने के लिए कहा। इसके बाद परिवार के लोग नगला पाती पहुंचे। पिता ने बताया कि ससुराल पहुंचने पर शिवानी मृत मिली। रविवार शाम करीब छह बजे पति अतुल खेत पर बन रहे मकान से घर लौटा। उसने कमरे में शिवानी का शव फंदे पर लटका देखा। सूचना मिलने पर पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने सबूत जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पिता की शिकायत पर पुलिस ने पति अतुल कुमार, ससुर सुखवीर सिंह, सास मगन सिंह, जेठ प्रवीन और जेठानी रिंकी के खिलाफ केस दर्ज किया है। शिकायत में इन सभी पर मिलकर मारपीट करने, गला घोंटकर हत्या करने और शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया गया है। करहल इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार पांडेय ने बताया कि विवाहिता की मौत के मामले में पिता की शिकायत पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *