सीतापुर में दुग्ध वाहन की टक्कर से युवती की मौत:सवारी का इंतजार कर रही बहन गंभीर घायल, पिकअप होटल में घुसा


सीतापुर के मानपुर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में सड़क किनारे खड़ी युवती की मौत हो गई, जबकि उसकी बड़ी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। तेज रफ्तार और अनियंत्रित दुग्ध वाहन (पिकअप) दोनों बहनों को टक्कर मारने के बाद सड़क किनारे स्थित एक होटल में जा घुसा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई। जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के परसेहरा गांव निवासी अहमद अली अपनी पत्नी शकीला (30) और साली शीबा (18) के साथ किसी कार्य से बिसवां आए थे। देर रात को तीनों वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान लालपुर कोठी चौराहे के पास सवारी के इंतजार में सड़क किनारे रुके हुए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उसी समय सीतापुर की ओर से आ रहा एक दुग्ध वाहन (पिकअप) अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क के काफी किनारे खड़ी दोनों बहनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बहनें गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं। वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और पिकअप पास स्थित एक होटल में जा घुसा। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने 18 वर्षीय शीबा को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल शकीला की हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना से मृतका के परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मानपुर थाना प्रभारी आशुतोष मिश्रा ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *