![]()
रामपुर में सावन माह और कांवड़ यात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। भमरौआ स्थित प्राचीन शिव मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भमरौआ रोड का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। रविवार शाम को भी सड़क निर्माण कार्य जारी रहा। हर साल सावन में हजारों कांवड़िए भमरौआ शिव मंदिर में जलाभिषेक करते हैं। पहले मंदिर तक जाने वाला मार्ग खराब होने के कारण श्रद्धालुओं को पथरीले और कीचड़युक्त रास्ते से गुजरना पड़ता था। स्थानीय निवासी भी लंबे समय से सड़क निर्माण और चौड़ीकरण की मांग कर रहे थे। नगर विधायक आकाश सक्सेना के प्रयासों से लोक निर्माण विभाग ने सड़क निर्माण और चौड़ीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा था। मंजूरी मिलने के बाद अब यह कार्य तेजी से कराया जा रहा है। इस सड़क से कांवड़ियों के अलावा स्थानीय निवासियों, खिलाड़ियों और स्टेडियम आने-जाने वाले लोगों को भी बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। राष्ट्रीय राजमार्ग के जीरो प्वाइंट से भमरौआ रोड स्थित स्टेडियम तक स्ट्रीट लाइटें भी लगाई गई हैं। इससे रात के समय पूरी सड़क रोशनी से जगमगाएगी, जिससे श्रद्धालुओं का आवागमन सुरक्षित और सुगम होगा तथा दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी। नगर विधायक आकाश सक्सेना ने बताया कि सावन माह में रामपुर आने वाले प्रत्येक शिवभक्त का स्वागत करना सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो, इसके लिए सड़क, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाएं समय पर पूरी की जा रही हैं। विधायक सक्सेना ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार धार्मिक स्थलों के विकास, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। इसी क्रम में रामपुर में भी कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए युद्धस्तर पर तैयारियां चल रही हैं।
Source link
सावन से पहले भमरौआ रोड निर्माण में तेजी:रामपुर में कांवड़ियों को मिलेगा सुगम और सुरक्षित मार्ग