सावन के अंतिम सोमवार पर छोटीकाशी में उमड़े लाखों श्रद्धालु:लखीमपुर-खीरी प्रशासन ने कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कर किया स्वागत


लखीमपुर खीरी। सावन के अंतिम सोमवार और भूतनाथ मेले के अवसर पर छोटी काशी गोला गोकर्णनाथ में लाखों कांवड़िए और श्रद्धालु उमड़ पड़े। तड़के से ही मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर बेलपत्र, दूध और पुष्प अर्पित किए। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए। शहर में जगह-जगह बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया था। डाक कांवड़ लेकर पहुंचने वाले कांवड़ियों के लिए मुख्य मंदिर में एक अलग मार्ग बनाया गया, ताकि सामान्य श्रद्धालुओं की कतारें प्रभावित न हों और कोई अव्यवस्था न फैले। जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग सहित अन्य अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था का लगातार जायजा लिया। नगर पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू के साथ अधिकारियों ने श्रद्धालुओं और कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। गोला के अलावा, जिले के अन्य प्रमुख शिवालयों में भी सावन के अंतिम सोमवार पर आस्था का सैलाब उमड़ा। लखीमपुर शहर के भुईफोरवानाथ मंदिर, जंगलीनाथ मंदिर, लिलौटीनाथ मंदिर और ओयल स्थित प्रसिद्ध मेढ़क मंदिर सहित विभिन्न शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं। भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *