![]()
मेरठ के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के डी-ब्लॉक में गुरुवार रात पैसे के लेनदेन को लेकर कपड़ा कारोबारी के घर पर नकाबपोश बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। दो बाइकों पर सवार होकर पहुंचे पांच बदमाशों ने मकान के बाहर कई राउंड गोलियां चलाईं और इसके बाद मौके से फरार हो गए। फायरिंग के समय परिवार के लोग घर के अंदर मौजूद थे। गोलियों की आवाज सुनकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई। पूरी वारदात पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। फिलहाल पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है। अब पूरा मामला पढ़िए ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के लिसाड़ी रोड स्थित डी-ब्लॉक निवासी दानिश कपड़े का कारोबार करते हैं। बताया गया है कि उनके भाई सुहैल का गुरुवार सुबह पैसे के लेनदेन को लेकर अनस नाम के व्यक्ति से विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी विवाद की रंजिश में गुरुवार रात को पांच नकाबपोश बदमाश सुहैल के घर पहुंचे। परिवार के लोग उस समय मकान के अंदर मौजूद थे। बदमाशों ने घर को निशाना बनाकर गोलियां बरसाईं और फरार हो गए। हालांकि बताया गया कि इस वारदात के समय सुहैल घर पर मौजूद नहीं थे। उनके भाई दानिश ने इस गोलीकांड की सूचना ब्रह्मपुरी पुलिस को दी फायरिंग की सूचना मिलते ही ब्रह्मपुरी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने घटनास्थल की जांच कर वहां से कारतूस के खोखे बरामद किए। इसके साथ ही आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर बदमाशों की पहचान और उनकी तलाश शुरू कर दी है। सूचना मिलने पर एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले भी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल की जांच कर पुलिस अधिकारियों से जानकारी ली। चार टीमों को बदमाशों की तलाश में लगाया एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि पैसे के लेनदेन को लेकर फायरिंग की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। CCTV फुटेज कब्जे में लेकर बदमाशों की तलाश की जा रही है। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link
मेरठ में कपड़ा कारोबारी के घर पर फायरिंग:2 बाइकों से आए 5 नकाबपोश बदमाशों ने की वारदात, CCTV सामने आया