सार्वजनिक मार्ग विवाद में झूठे मुकदमे का आरोप:मऊ में ग्राम प्रधान ने एसपी से लगाई गुहार


मऊ जिले के धौलसेपुर गांव की ग्राम प्रधान नीतू पांडेय ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर अपने भसुर मिथिलेश कुमार पांडेय को झूठे मुकदमे में फंसाने का आरोप लगाया है। उन्होंने एसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है। ग्राम प्रधान नीतू पांडेय ने बताया कि गांव में ग्राम सभा की भूमि पर सार्वजनिक मार्ग निर्माण को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। यह मार्ग लगभग दो दर्जन घरों को जोड़ने के लिए बनाया जा रहा था। निर्माण कार्य के दौरान रास्ते में एक पेड़ बाधा बन रहा था। इसे वन विभाग की अनुमति के साथ-साथ उपजिलाधिकारी और स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में हटाया गया था। नीतू पांडेय के अनुसार, पेड़ हटाने के समय वन विभाग के अधिकारी, स्थानीय पुलिस और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद थे। इसके बावजूद, चुनावी रंजिश के चलते उनके परिवार को निशाना बनाया जा रहा है और उनके भसुर मिथिलेश कुमार पांडेय पर गलत आरोप लगाए गए हैं। जेठ पर गलत इल्जाम लगाए उन्होंने आरोप लगाया कि गांव की एक युवती द्वारा उनके जेठ पर गलत इल्जाम लगाए गए हैं। उनका कहना है कि पंचायत चुनाव नजदीक होने के कारण राजनीतिक रंजिश में उनके परिवार को फंसाने की कोशिश की जा रही है। यह विवाद रास्ते के निर्माण और पेड़ कटने के बाद ही बढ़ा है। ग्राम प्रधान ने बताया कि उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। पुलिस अधीक्षक ने जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। नीतू पांडेय ने कहा कि उनका परिवार निर्दोष है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होने पर सच्चाई सामने आ जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *