![]()
चंदौली पुलिस ने लीलापुर के समीप एक मालवाहक पिकअप वाहन से दो गौवंश बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से एक गौतस्कर को भी गिरफ्तार किया है। आरोपी इन गौवंशों को वध के लिए पश्चिम बंगाल ले जा रहा था। पुलिस टीम आरोपी को हिरासत में लेकर उसके नेटवर्क की जांच कर रही है। सदर कोतवाल बिन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम लीलापुर के पास हाईवे पर संदिग्ध लोगों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस कर्मियों ने एक पिकअप वाहन को रुकने का इशारा किया। पुलिस टीम को देखकर चालक ने गाड़ी रोककर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। आरोपी की पहचान अलीनगर थानाक्षेत्र के कोरी गांव निवासी राकेश पासवान के रूप में हुई है। वाहन से बरामद दोनों गौवंशों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। पूछताछ के दौरान आरोपी राकेश पासवान ने बताया कि वह अपने साथी के साथ मिलकर काफी समय से अवैध गौवंश तस्करी का कार्य कर रहा है। वे दोनों मिलकर क्षेत्र में घूमने वाले निराश्रित एवं आवारा गौवंशों को पकड़वाते हैं तथा उन्हें वाहन में लादकर पश्चिम बंगाल भेजते हैं। आरोपी ने बताया कि पश्चिम बंगाल में वध के लिए गौवंश को बेचने पर उन्हें अच्छा मुनाफा मिलता है। इस अवैध कारोबार से प्राप्त धन को वे आपस में बराबर-बराबर बांट लेते थे। पुलिस टीम में सदर कोतवाल बिन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय के साथ वीरेंद्र कुमार, रामनाथ यादव, आशुतोष और महेश पटेल शामिल थे।
Source link
चंदौली पुलिस ने गौतस्कर पकड़ा, दो गौवंश बरामद:पश्चिम बंगाल वध के लिए ले जा रहा था आरोपी