![]()
पीलीभीत में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 397 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। लेकिन समारोह के दौरान एक दुल्हन अपने दूल्हे का घंटों इंतजार करती रह गई। विवाह स्थल पर दूल्हा नहीं पहुंचा, गुरुवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह समारोह नवीन मंडी समिति परिसर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधानसभा पीलीभीत क्षेत्र के पंजीकृत 447 जोड़ों में से 397 जोड़ों का विवाह पूरे रीति-रिवाज और विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया। इनमें 220 हिंदू और 177 मुस्लिम जोड़े शामिल रहे। हालांकि, समारोह के दौरान जहानाबाद क्षेत्र की एक दुल्हन अपने दूल्हे का घंटों इंतजार करती रह गई। जानकारी के अनुसार, जहानाबाद निवासी युवती का विवाह न्यूरिया थाना क्षेत्र के हाशिमपुर निवासी युवक से मार्च माह में तय हुआ था। युवक ने स्वयं मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आवेदन किया था। परिजनों के अनुसार, गुरुवार सुबह से ही युवक और उसके परिवार के सभी मोबाइल फोन बंद आ रहे थे। लाल जोड़े में सजी दुल्हन विवाह मंडप में घंटों तक दूल्हे का इंतजार करती रही, लेकिन वह समारोह स्थल पर नहीं पहुंचा। शाम करीब पांच बजे कार्यक्रम समाप्त होने के बाद युवती और उसके परिजन मायूस होकर वापस घर लौट गए। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार के प्रतिनिधि एवं ललौरीखेड़ा ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह गंगवार, जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। सभी जोड़ों को उपहार सामग्री के साथ ‘एक पौधा मां के नाम’ अभियान के तहत पौधे भी भेंट किए गए। इस अवसर पर जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने नवविवाहित जोड़ों को स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि जो युवा अपना रोजगार शुरू करना चाहते हैं, वे मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत बिना ब्याज के पांच लाख रुपये तक का ऋण प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही उन्होंने युवाओं को सेवायोजन पोर्टल पर पंजीकरण कराने की सलाह दी, ताकि जिले में स्थापित हो रही नई औद्योगिक इकाइयों में उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें। दूल्हे के समारोह में नहीं पहुंचने की घटना को लेकर संबंधित अधिकारियों का कहना है कि मामले की जानकारी ली जा रही है। वहीं, युवती के परिजनों ने पूरे घटनाक्रम से गहरा आक्रोश और निराशा जताई है।
Source link
सामूहिक विवाह में नहीं आया दूल्हा, दुल्हन करती रही इंतजार:पीलीभीत में 397 जोड़ों का विवाह संपन्न, 447 ने किया था आवेदन