उत्तर मध्य रेलवे ने 3 स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़ाए:भीड़ के चलते सूरत-छपरा, अहमदाबाद-दरभंगा, गांधीधाम-भागलपुर ट्रेनों के रूट बदले


यात्रियों की बढ़ती भीड़ और सुविधा को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे (प्रयागराज) ने कई विशेष ट्रेनों के संचालन की अवधि बढ़ा दी है। इसके साथ ही, कुछ ट्रेनों के मार्ग में अस्थायी बदलाव भी किया गया है। यह निर्णय झांसी मंडल के ललितपुर स्टेशन पर चल रहे नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के कारण लिया गया है। उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि इन व्यवस्थाओं से यात्रियों को बेहतर यात्रा सुविधा मिलेगी। रेलवे प्रशासन के अनुसार, सूरत-छपरा-सूरत साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन (09065/09066) का संचालन जुलाई 2026 तक बढ़ा दिया गया है। गाड़ी संख्या 09065 सूरत से प्रत्येक मंगलवार और 09066 छपरा से प्रत्येक बुधवार को चार-चार अतिरिक्त फेरे लगाएगी। इस ट्रेन में 24 कोच हैं, जिनमें 10 एसी थर्ड, 10 स्लीपर, दो सामान्य और दो एसएलआरडी कोच शामिल हैं। ललितपुर में नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के कारण, 14 जुलाई को सूरत से और 15 जुलाई को छपरा से चलने वाली यह ट्रेन परिवर्तित मार्ग नागदा, कोटा, मथुरा, टूंडला, गोविंदपुरी और प्रयागराज होकर संचालित होगी। इस दौरान उज्जैन, बीना और झांसी स्टेशनों पर इसका ठहराव नहीं रहेगा। अहमदाबाद-दरभंगा-अहमदाबाद स्पेशल ट्रेन (09465/09466) की संचालन अवधि भी बढ़ाई गई है। यह ट्रेन जुलाई और अगस्त में पांच-पांच अतिरिक्त फेरे लगाएगी। अहमदाबाद से यह प्रत्येक शुक्रवार और दरभंगा से प्रत्येक सोमवार को चलेगी। अब यह ट्रेन गोविंदपुरी, फतेहपुर, प्रयागराज, वाराणसी और गाजीपुर सिटी होकर गुजरेगी। इसके अतिरिक्त, 17 और 20 जुलाई को चलने वाली गाड़ियों को झांसी-बीना-गुना मार्ग के बजाय कोटा-टूंडला होते हुए संचालित किया जाएगा। गांधीधाम-भागलपुर-गांधीधाम स्पेशल ट्रेन (09451/09452) के भी पांच-पांच अतिरिक्त फेरे स्वीकृत किए गए हैं। यह ट्रेन जुलाई से अगस्त तक निर्धारित तिथियों में चलेगी। मार्ग परिवर्तन के तहत, यह ट्रेन अब लखनऊ और गोरखपुर के बजाय फतेहपुर, प्रयागराज, ज्ञानपुर रोड, वाराणसी, गाजीपुर सिटी और छपरा होकर संचालित होगी। इससे पूर्वांचल और प्रयागराज क्षेत्र के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेनों के मार्ग, समय-सारणी और संचालन संबंधी जानकारी रेलवे से प्राप्त कर लें, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *