सहारनपुर में मैकेनिक की मौत:सड़क पार करते तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर, इलाज के दौरान तोड़ा दम


सहारनपुर के थाना सदर बाजार क्षेत्र में देर रात हुए एक सड़क हादसे में एक मैकेनिक की मौत हो गई। दिल्ली रोड स्थित फुलवारी गार्डन मैरिज होम के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान देवबंद थाना क्षेत्र के गांव धरूवाला निवासी शिवकुमार के रूप में हुई है। शिवकुमार विद्युत विभाग की ट्रांसफार्मर वर्कशॉप में मैकेनिक के पद पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि सड़क पार करते समय एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शिवकुमार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। घायल शिवकुमार को तुरंत पास के मेडिग्राम अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए इलाज शुरू किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और उन्होंने दम तोड़ दिया। थाना सदर बाजार प्रभारी निरीक्षक कपिल देव ने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई थी। परिजनों के अस्पताल पहुंचने पर उन्हें शिवकुमार की मौत की जानकारी मिली। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अज्ञात वाहन चालक की तलाश में जुटी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी वाहन चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *