आगरा में 7वीं के छात्र का टीचर ने तोड़ा हाथ:बेरहमी से की पिटाई, मामला डीसीपी तक जाने के 6 दिन बाद हुई FIR


आगरा अछनेरा के ग्राम सांथा स्थित कंपोजिट विद्यालय धर्मपुरा में कक्षा सात के छात्र की बेरहमी से पिटाई की गई। टीचर ने डंडे से पीट-पीट कर छात्र का हाथ तोड़ दिया। कक्षा-7 के 14 वर्षीय छात्र को सिर्फ इसलिए बेरहमी से पीटा गया क्योंकि वह बिना अनुमति शौच के लिए चला गया था। कार्यवाहक प्रधानाचार्य की पिटाई से मासूम के हाथ में फ्रैक्चर हो गया। हैरानी की बात यह है कि न्याय के लिए पिता-पुत्र को 6 दिन तक थाने-चौकी के चक्कर काटने पड़े। डीसीपी वेस्ट से शिकायत के बाद सोमवार को पुलिस ने FIR दर्ज की। क्या है पूरा मामला?
पीड़ित के पिता महेश ने बताया कि उनका बेटा कंपोजिट विद्यालय धर्मपुरा में कक्षा सात में पढ़ता है। 8 सितंबर को वह क्लास में था और बिना अनुमति शौच के लिए चला गया। इस बात पर कार्यवाहक प्रधानाचार्य मनोज कुमार आगबबूला हो गए। उन्होंने छात्र को डंडे से बेरहमी से पीटा। पिटाई के दौरान छात्र गिर पड़ा और उसके हाथ में फ्रैक्चर हो गया। घायल अवस्था में छात्र घर पहुंचा और परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद पिता बेटे को लेकर थाने पहुंचे। आरोप है कि 6 दिन तक पुलिस ने उन्हें टालते हुए FIR दर्ज नहीं की। थाने से चौकी तक चक्कर लगवाए गए, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। डीसीपी के हस्तक्षेप के बाद दर्ज हुई FIR
न्याय न मिलने पर सोमवार को पिता ने डीसीपी वेस्ट आदित्य कुमार से शिकायत की। डीसीपी के हस्तक्षेप के बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपी प्रधानाचार्य मनोज कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। इस मामले में आरोपी प्रधानाचार्य से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उनका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। पुलिस और विभाग ने क्या कहा?डीसीपी वेस्ट आदित्य कुमार ने बताया – बच्चे के परिजन आकर मिले थे। उन्होंने कार्यवाहक प्रधानाचार्य पर पिटाई का आरोप लगाया था। इस आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एसीपी अछनेरा शैलेंद्र सिंह ने कहा – कार्यवाहक प्रधानाचार्य के खिलाफ शिकायत मिली थी। जिलाधिकारी को रिपोर्ट प्रेषित की गई। सोमवार को FIR दर्ज कर ली गई है। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी फतेहपुर सीकरी सौरभ आनंद ने बताया – प्रकरण बेहद गंभीर है। फिलहाल पुलिस कानूनी जांच कर रही है। पुलिस की रिपोर्ट और कार्रवाई के आधार पर उच्चाधिकारियों के संज्ञान में मामला लाकर आरोपी शिक्षक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *