गाजियाबाद में दो समुदायों में मारपीट-पत्थरबाजी:मंदिर से लौट रहे थे, विशेष समुदाय के लोगों से स्कूटी टकराने पर विवाद; 15 लोग घायल


गाजियाबाद के कोतवाली क्षेत्र स्थित केला भट्ठा इलाके में दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान पत्थरबाजी और मारपीट हुई, जिसमें 15 से अधिक लोग घायल हो गए। पुलिस ने मामले में 10 लोगों को हिरासत में लिया है और जांच जारी है। जानकारी के अनुसार, यह घटना तब हुई जब छोटा केला इलाके के कुछ लोग 9 दिन की देवी यात्रा पूरी कर मंदिर से अपने घर लौट रहे थे। वे देवी मंदिर से ज्योत और प्रसाद लेकर निकले थे, जिनका घर मंदिर से लगभग 100 मीटर दूर था। रास्ते में उनका कुछ युवकों से टकराव हो गया। बताया जा रहा है कि स्कूटी से ले जाया जा रहा प्रसाद गलती से सामने खड़े लड़कों से टकरा गया, जिसके बाद कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान ‘जैद’ नामक एक युवक ने अपने साथियों को बुला लिया, जिससे मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच पत्थरबाजी व मारपीट शुरू हो गई। बजरंग दल के कार्यकर्ता भी वहां पहुंचे घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। कुछ देर बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता भी वहां पहुंचे। इस झगड़े में एक छोटे बच्चे सहित 15 से अधिक लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए एमएमजी अस्पताल भेजा गया है। डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि यह विवाद सड़क पर चलते-चलते हुआ और शाम करीब 7:30 बजे के आसपास की घटना है। उन्होंने पुष्टि की कि घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस ने इस मामले में लगभग 10 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। कोतवाली थाना पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है ताकि विवाद के कारणों और इसमें शामिल अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *