![]()
सहारनपुर के थाना बिहारीगढ़ पुलिस में देर रात हुई मुठभेड़ में एक नशा तस्कर को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस, बिना नंबर प्लेट की बाइक और एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया है। उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस कॉम्बिंग कर रही है। सीओ बेहट प्रिया यादव ने बताया कि देर रात इंस्पेक्टर सतेन्द्र सिंह, सब इंस्पेक्टर सुरेन्द्र सिंह, मोहित कुमार, संजीव यादव और पुलिस टीम द्रोणाचार्य इंस्टीट्यूट, खुशहालीपुर के पास चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान सतपुरा की ओर से पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें टॉर्च की रोशनी दिखाकर रुकने का इशारा किया। आरोप है कि दोनों युवकों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो खड़ंजे वाले उबड़-खाबड़ रास्ते पर उनकी बाइक फिसलकर गिर गई। इसके बाद पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस का कहना है कि आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। घायल आरोपी की पहचान रहमान पुत्र इल्ताफ निवासी किशनगढ़ कॉलोनी, कस्बा एवं थाना बिहारीगढ़, जनपद सहारनपुर के रूप में हुई है। उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर में भर्ती कराया गया। वहीं उसका दूसरा साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस .315 बोर, बिना नंबर प्लेट की बाइक और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी रहमान पर थाना बिहारीगढ़ समेत अन्य थानों में एनडीपीएस एक्ट और विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ इस मामले में भी संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
Source link
सहारनपुर में मुठभेड़ में नशा तस्कर अरेस्ट…एक फरार:चेकिंग के दौरान पुलिस पर चला दी गोली, काउंटर फायरिंग में एक बदमाश के पैर में लगी गोली