![]()
सहारनपुर में मंगलवार दोपहर दो बजे भारतीय किसान यूनियन (भानु) की मासिक बैठक कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित की गई। इस दौरान किसानों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा हुई और संगठन विस्तार पर भी मंथन किया गया। बैठक के बाद जिलाध्यक्ष चौधरी राजू माजरा के नेतृत्व में किसानों ने जिलाधिकारी को अपनी समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष चौधरी राजू माजरा ने बताया कि संगठन की मासिक बैठकें कुछ समय से स्थगित थीं, लेकिन अब बरसात के बाद संगठन का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। बड़ी संख्या में किसान संगठन से जुड़ रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य किसानों की समस्याओं को प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत करना है। उन्होंने बताया कि किसानों की प्रमुख समस्या जमीन की खरीद-बिक्री और दाखिल-खारिज से संबंधित है। कई मामलों में किसान जमीन का कुछ हिस्सा बेचने के बाद पूरा भुगतान कर देता है, लेकिन बैंक में कर्ज या ‘नो ड्यूज’ संबंधी प्रक्रिया अटक जाती है। इससे खरीदार और विक्रेता दोनों को परेशानी होती है। भाकियू ने मांग की है कि जमीन की रजिस्ट्री से पहले संबंधित किसान का कर्ज पूरी तरह जमा कराने की व्यवस्था की जाए। यदि किसान के पास जमीन का कुछ हिस्सा शेष है,तो उसके कर्ज को उस हिस्से पर स्थानांतरित करने की व्यवस्था हो। इससे जमीन की खरीद-बिक्री प्रक्रिया में किसानों को होने वाली परेशानी दूर होगी। चौधरी राजू माजरा ने यह भी आरोप लगाया कि जिले में प्रॉपर्टी डीलरों के कारण भी किसान परेशान हैं। उन्होंने किसानों की जमीन से जुड़े मामलों में एक पारदर्शी व्यवस्था लागू करने की आवश्यकता पर जोर दिया। बैठक के दौरान बेहट क्षेत्र से संबंधित एक अन्य समस्या भी उठाई गई। बताया गया कि ग्रामीणों के आवागमन के लिए सरकारी रास्ते पर एक पुल का निर्माण किया गया है,लेकिन कुछ लोग इसे निजी निर्माण बताकर ग्रामीणों को धमका रहे हैं। संगठन ने इस मामले की शिकायत भी जिलाधिकारी से करने की बात कही। इस बैठक में संगठन में नए पदाधिकारियों की नियुक्ति भी की गई। संगठन के प्रति उनकी सक्रियता और मेहनत को देखते हुए इशरार चौधरी को बलियाखेड़ी ब्लॉक अध्यक्ष और बिलाल को ब्लॉक उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि संगठन का उद्देश्य ईमानदार और सक्रिय किसानों को जोड़कर जिले में मजबूत संगठन खड़ा करना है।
Source link
सहारनपुर में भाकियू भानु ने डीएम को सौंपा ज्ञापन:किसानों की जमीन संबंधी समस्याओं और संगठन विस्तार पर चर्चा