सहारनपुर में किसान से 1.5 लाख की धोखाधड़ी:ट्रैक्टर दिलाने के नाम पर हड़पी रकम, रकम मांगने पर मारपीट और फायरिंग


सहारनपुर के फतेहपुर थाना क्षेत्र के गांव सबरीपुर उर्फ फाखरपुर निवासी एक दलित किसान ने दो युवकों पर ट्रैक्टर दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी कर 1.5 लाख रुपए हड़पने, जातिसूचक गालियां देने, मारपीट करने और जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले में कार्रवाई न होने पर विशेष न्यायाधीश (एससी-एसटी एक्ट) कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर मुकदमा दर्ज कराने की मांग की थी। कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज हुआ है। फतेहपुर थाना क्षेत्र के गांव सबरीपुर उर्फ फाखरपुर निवासी रूपचंद पुत्र चेतराम ने कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में कहा कि वो गरीब किसान है। करीब एक साल पहले उसे खेती के काम के लिए ट्रैक्टर की जरूरत थी। उसकी पहचान अंकित काबोज से थी। आरोप है कि अंकित ने हरियाणा में सस्ते दाम पर अच्छा ट्रैक्टर दिलाने का भरोसा दिया। इस पर उसने पेड़ बेचकर, बाग बेचकर और रिश्तेदारों से उधार लेकर करीब सात लाख रुपए की व्यवस्था की। रूपचंद का कहना है कि उसने रकम आरोपी अंकित और सुमित राठौर को घर पर दी थी। आरोप है कि इसमें से 5.50 लाख रुपए महिंद्रा ट्रैक्टर एजेंसी में जमा कराए गए, जबकि शेष 1.50 लाख रुपए दोनों ने आपस में बांटकर हड़प लिए। जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी टालमटोल करते रहे। पंचायत होने पर रकम लौटाने का आश्वासन दिया गया, लेकिन बाद में इंकार कर दिया। पीड़ित के अनुसार, 26 जनवरी 2026 को आरोपियों ने उसे रकम देने के बहाने गांव पुरु का टांडा बुलाया। आरोप है कि रास्ते में खाले के पास दोनों ने उसे रोक लिया। एक आरोपी के हाथ में बंदूक थी। वहां जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित किया गया और थप्पड़, मुक्कों व बंदूक की बट से मारपीट की गई। आरोप है कि उसकी जेब से 700 रुपए भी निकाल लिए गए। रूपचंद का कहना है कि आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग भी की, लेकिन वो बाल-बाल बच गया। शोर सुनकर राहगीर मौके पर पहुंचे तो आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित का कहना है कि उसने मामले की शिकायत सहारनपुर पुलिस और एसएसपी से भी की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर आरोपियों पर धोखाधड़ी, मारपीट, धमकी, लूट, हत्या के प्रयास और अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *