ससुराल में फंदे से लटका मिला युवक का शव:एक साल पहले किया था प्रेम विवाह, परिजनों ने पत्नी समेत 4 पर लगाया हत्या का आरोप


रायबरेली के महराजगंज क्षेत्र में एक युवक का शव ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने पत्नी, सास, ससुर और साली पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के गोलहा मजरे थुलवासा गांव में 24 वर्षीय बृजेश कुमार का शव घर के छप्पर में गमछे के फंदे से लटका मिला। सुबह घटना की जानकारी होने पर इलाके में हड़कंप मच गया। बृजेश की मौत की सूचना उसके पैतृक गांव ओनई जंगल पहुंची तो परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि बृजेश कुमार ने करीब एक वर्ष पहले सोमवती से प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद से वह अपनी ससुराल गोलहा गांव में ही रह रहा था। घटना के बाद मृतक के बड़े भाई वीरेंद्र कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बृजेश की पत्नी, सास, ससुर और साली पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि बृजेश की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। कोतवाल जगदीश यादव ने बताया- परिजनों से तहरीर प्राप्त हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *