![]()
दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार देर शाम एटा में सैकड़ों युवाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। शाम 7 बजे शहीद पार्क पर एकत्रित हुए युवाओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी युवाओं ने हाथों में सरकार विरोधी बैनर और तख्तियां थाम रखी थीं। उन्होंने ‘योगी और मोदी’ के विरोध में नारे लगाए और केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। सुरक्षा के मद्देनजर एटा पुलिस ने शहर में कई जगह बैरिकेड लगाए थे और प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं रुके। पैदल मार्च निकालते हुए ये प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए धरना स्थल पहुंचे। इस दौरान क्षेत्राधिकारी सिटी कृतिका सिंह, सीओ सदर संकल्प दीप कुशवाह और सीओ सकीट नीतीश गर्ग सहित कई थाना प्रभारियों के पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद थे।
प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। यह प्रदर्शन अमित यादव के नेतृत्व में आयोजित किया गया था, जिसमें सैकड़ों युवा शामिल हुए। अमित यादव ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के साथ हुई बर्बरता के विरोध में छात्र, शिक्षक और हर वर्ग के लोग एकजुट हुए हैं। उन्होंने सरकार पर समान शिक्षा का अधिकार न देने, दिव्यांगों को आरक्षण के बावजूद सुविधाएँ मुहैया न कराने और पेपर लीक जैसी घटनाओं का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शिक्षा उनका अधिकार है और वे सरकार से अपना अधिकार मांग रहे हैं। यह प्रदर्शन रात 8:15 बजे शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हुआ।
Source link
दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज का एटा में विरोध:सैकड़ों युवाओं ने किया प्रदर्शन, पुलिस ने रोकने का प्रयास किया