![]()
सीतापुर में सराय नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है। डीएम डॉ. राजा गणपति आर. ने सोमवार रात 12 बजे लोनियन पुरवा पूर्वी, नई बस्ती, दुर्गापुरवा, शास्त्री नगर समेत विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित इलाकों में पहुंचकर लोगों से बातचीत की और बाढ़ के कारण सामने आ रही समस्याओं एवं उनकी जरूरतों की जानकारी ली। डीएम ने बाढ़ प्रभावित परिवारों से अपील की कि वे अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए असुरक्षित स्थानों और जर्जर भवनों को छोड़कर प्रशासन द्वारा बनाए गए रैन बसेरों एवं बाढ़ आश्रय स्थलों में चले जाएं। उन्होंने कहा कि आश्रय स्थलों पर प्रभावित लोगों के ठहरने, खाने-पीने समेत अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। किसी भी व्यक्ति को वहां असुविधा नहीं होने दी जाएगी।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने मौके पर तैनात लेखपालों से प्रभावित परिवारों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित किसी भी परिवार को असुरक्षित स्थान पर न रहने दिया जाए और जरूरत के अनुसार उन्हें तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए। एसडीएम सदर को इस पूरी व्यवस्था की निगरानी करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में घूम रहे निराश्रित पशुओं को भी तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए, ताकि किसी प्रकार की पशुहानि न हो। वहीं सीओ को रात के समय संवेदनशील इलाकों में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाने और नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि जिला प्रशासन बाढ़ प्रभावित परिवारों के साथ है। उन्होंने लोगों से अपील की कि नदी का जलस्तर बढ़ने की स्थिति में किसी तरह का जोखिम न लें और प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे सुरक्षित आश्रय स्थलों में चले जाएं।
Source link
सराय नदी का जलस्तर बढ़ा, डीएम ने किया निरीक्षण:लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की, रैन बसेरों में व्यवस्थाएं देखीं