![]()
सुल्तानपुर के कोतवाली नगर स्थित पयाग पट्टी में ग्राम समाज की जमीन पर अवैध निर्माण का मामला सामने आया है। साजिदा बानो नामक महिला ने मोहम्मद मुनीर अहमद पर गाटा संख्या 160 पर बिना नक्शे के निर्माण करने का आरोप लगाया है। इस मामले में मुख्य राजस्व अधिकारी (सीआरओ) ने जांच के आदेश दिए हैं। साजिदा बानो ने अपनी शिकायत में बताया कि मोहम्मद मुनीर अहमद ने गाटा संख्या 161 के संबंध में मानचित्र संख्या 111/2026 प्रस्तुत किया है, जिसकी तहसील सदर से अभी तक रिपोर्ट नहीं मिली है। शिकायतकर्ता के अनुसार, इसके बावजूद मुनीर अहमद गाटा संख्या 161 के बगल स्थित गाटा संख्या 160 पर निर्माण कार्य करा रहे हैं। शिकायतकर्ता ने बताया कि गाटा संख्या 160 ग्राम सभा की भूमि है। मोहम्मद मुनीर अहमद ने इस भूमि पर पहले भी अवैध कब्जा किया था। इस संबंध में तहसीलदार न्यायिक सदर सुलतानपुर ने 28 अक्टूबर 2023 को धारा 67 के तहत बेदखली की कार्रवाई शुरू की थी, जो वर्तमान में विचाराधीन है। साजिदा बानो ने मांग की है कि ग्राम सभा की भूमि पर हो रहे इस अवैध निर्माण को तत्काल रोका जाए। उन्होंने नगरीय निर्माण की धारा 7 के तहत कार्रवाई करते हुए इसे ध्वस्त करने की भी अपील की है। नवंबर माह में लेखपाल ने भी जांच कर रिपोर्ट दी थी कि ग्राम समाज की जमीन पर निर्माण हो रहा है। शिकायतकर्ता ने तहसीलदार और एसडीएम सदर से इसकी शिकायत की थी। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी अपने खाते 161 में निर्माण करा रहा है। गाटा संख्या 160 में कोई निर्माण नहीं हो रहा। यह जानकारी तहसीलदार न्यायिक के आदेश और लेखपाल की रिपोर्ट के विपरीत है। जिसमें गाटा संख्या 160 पर मुनीर द्वारा निर्माण की पुष्टि की गई थी।
Source link
सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण का आरोप:सुल्तानपुर में मुख्य राजस्व अधिकारी ने जांच के आदेश दिए