सफाई कर्मचारियों को मिली नई पहचान,अब‘दोस्त-मित्र’के नाम से बुलाए जाएंगे:सोनभद्र डीएम ने सफाईकर्मियों को बांटे ट्रैकसूट और जूते


सोनभद्र के नगर पंचायत पिपरी में सफाई कर्मचारियों को सम्मान और नई पहचान देने की पहल की गई है। अब नगर पंचायत के सफाई कर्मचारियों को ‘दोस्त-मित्र’ के नाम से संबोधित किया जाएगा। शुक्रवार को डीएम चर्चित गौड़ ने इस पहल की शुरुआत करते हुए सफाई कर्मियों को ट्रैकसूट और जूते वितरित किए। नई ड्रेस और सम्मान मिलने से कर्मचारियों में उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान डीएम ने सफाई कर्मचारियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कर्मचारियों के साथ बैठकर सामूहिक तस्वीर भी खिंचवाई। नई ड्रेस पहनकर सफाई कर्मियों ने डीएम के साथ फोटो खिंचवाया, जिससे उनमें अपनत्व और सम्मान की भावना दिखाई दी। डीएम चर्चित गौड़ ने कहा कि नगर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने में सफाई कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। कर्मचारी प्रतिदिन अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए शहरवासियों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने में योगदान देते हैं। उनके प्रति सम्मान और अपनेपन की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से ‘दोस्त-मित्र’ नाम से नई पहचान देने की पहल की गई है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों के लिए निर्धारित ड्रेस से उनकी अलग पहचान स्थापित होगी। इससे नागरिकों को सफाई व्यवस्था से जुड़े कर्मचारियों को पहचानने में भी सुविधा मिलेगी। डीएम ने कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने स्वच्छता कार्यों में निरंतरता और जिम्मेदारी के साथ काम करने पर जोर दिया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वागीश कुमार शुक्ला, नगर पंचायत पिपरी के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह समेत अन्य अधिकारी और सफाई कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सफाई कर्मियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए स्वच्छ नगर के लिए सहयोग की भावना बनाए रखने पर जोर दिया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *