सपा विधायक अतुल ने राष्ट्रपति को लिखा पत्र:मेरठ में सेंट्रल मार्केट के पीड़ितों को न्याय के लिए उठाई मांग


सेंट्रल मार्केट में अपनी दुकानें और व्यापार गंवाने वाली पीड़ित महिलाएं गुरुवार को सपा विधायक से मिलने पहुंची। महिलाओं ने सरधना से सपा विधायक अतुल प्रधान से उनके घर पर मुलाकात की है। महिलाओं ने अतुल प्रधान से खुद को न्याय दिलाने की मांग की है।
पीड़िताओं की परेशानी सुनने के बाद सपा विधायक ने इस विषय को राष्ट्रपति के सामने रखने की बात कही है। इसके चलते अतुल प्रधान ने गुरुवार को ही एक पत्र तैयार किया है। जिसमें उन्होंने राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू से मुलाकात का समय मांगा है। कई महीनों से परेशान हो रही हैं महिलाएं
अतुल प्रधान ने अपने पत्र में सेंट्रल मार्केट की इन पीड़ित महिलाओं के दर्द का भी जिक्र किया है। लिखा विगत कई महीनों से सेंट्रल मार्केट (शास्त्रीनगर सेक्टर – 2 ) के व्यापारी एवं विशेष रूप से बड़ी संख्या में महिलाएँ अपनी आजीविका, रोजगार तथा पुनर्वास से जुड़ी समस्याओं को लेकर आंदोलनरत हैं। प्रभावित परिवार अत्यंत मानसिक, आर्थिक एवं सामाजिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं तथा न्याय की आशा में आपकी ओर देख रहे हैं। अतः आपसे विनम्र अनुरोध है कि कृपया मुझे एवं सेंट्रल मार्केट (शास्त्रीनगर सेक्टर-2) के प्रभावित प्रतिनिधिमंडल को आपसे भेंट करने हेतु अपनी सुविधानुसार समय प्रदान करने का कष्ट करें, जिससे इस प्रकरण के सभी तथ्य आपके समक्ष प्रस्तुत किए जा सकें तथा पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने हेतु आपका मार्गदर्शन एवं आवश्यक हस्तक्षेप प्राप्त हो सके।
राष्ट्रपति से है न्याय की उम्मीद यह चिट्‌ठी सपा विधायक की ओर से राष्ट्रपति कार्यालय को भेजकर मुलाकात का समय मांगा है। ताकि वो इन पीड़िताओं के साथ जाकर राष्ट्रपति से मुलाकात करें और महिलाएं अपनी पीड़ा उनके सामने रख सकें। महिलाओं ने कहा कि हमें उम्मीद है कि राष्ट्रपति महोदया से मिलने के बाद वो हमारी परेशानी समझेंगी और इसे दूर भी करेंगी। हमें न्याय दिलाएंगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *