![]()
हरदोई में समाजवादी पार्टी (सपा) के जिलाध्यक्ष शराफत अली का एक कथित स्टिंग वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिले की राजनीति गरमा गई है। वीडियो में उन पर पार्टी की दो वरिष्ठ महिला नेताओं और उनके परिवार के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच चर्चा तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि शराफत अली कुछ लोगों के साथ अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान किसी ने उनका वीडियो गुप्त रूप से रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में सपा की वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद ऊषा वर्मा, पूर्व विधायक राजेश्वरी देवी तथा उनके परिवार के बारे में कथित रूप से अभद्र टिप्पणियां किए जाने का दावा किया जा रहा है। अखिलेश यादव से शिकायत की तैयारी मामले को गंभीर बताते हुए पूर्व सांसद ऊषा वर्मा और पूर्व विधायक राजेश्वरी देवी ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से शिकायत करने की बात कही है। दोनों नेताओं ने इस मामले में पार्टी नेतृत्व से हस्तक्षेप और कार्रवाई की मांग की है। राजेश्वरी देवी बोलीं- फैसला राष्ट्रीय अध्यक्ष पर छोड़ते हैं पूर्व विधायक राजेश्वरी देवी ने कहा कि जिलाध्यक्ष ने उनके और उनके परिवार के खिलाफ जो आरोप लगाए हैं, वे बेबुनियाद हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में अंतिम फैसला राष्ट्रीय अध्यक्ष पर छोड़ दिया गया है। ऊषा वर्मा ने जताई नाराजगी पूर्व सांसद ऊषा वर्मा ने कहा कि यदि महिलाओं के प्रति किसी नेता की सोच ऐसी है तो यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का कोई भी कार्यकर्ता यदि महिलाओं के प्रति ऐसी मानसिकता रखता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। जिले की राजनीति में प्रभावशाली रहा है परिवार यह विवाद इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि ऊषा वर्मा और राजेश्वरी देवी का परिवार हरदोई की राजनीति में लंबे समय से प्रभावशाली रहा है। राजेश्वरी देवी वर्ष 2007 में बावन-हरियावां और 2012 में सांडी विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर विधायक रह चुकी हैं। वहीं ऊषा वर्मा हरदोई लोकसभा सीट से 1998, 2004 और 2009 में सांसद चुनी गई थीं। सपा नेतृत्व की प्रतिक्रिया पर नजर राजनीतिक हलकों में अब सबकी नजर समाजवादी पार्टी नेतृत्व की प्रतिक्रिया पर टिकी है। वायरल वीडियो की सत्यता की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इसके सामने आने के बाद जिले में सियासी चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
Source link
सपा जिलाध्यक्ष पर महिला नेताओं पर अभद्र टिप्पणी का आरोप:वीडियो आया सामने, पूर्व सांसद ऊषा वर्मा और पूर्व विधायक राजेश्वरी देवी बोली- अखिलेश से शिकायत करेंगे