![]()
देवरिया के तरकुलवा थाना क्षेत्र के कोंहवलिया गांव में शुक्रवार रात हैंडपंप पर पानी भरने को लेकर हुए विवाद में चाकूबाजी हो गई। घटना में दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। कोंहवलिया गांव निवासी बल्ली निषाद (30) के परिवार की एक महिला रात करीब नौ बजे हैंडपंप पर पानी भरने गई थी। इसी दौरान हैंडपंप में शराब और तबांकू डालने की बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते यह कहासुनी मारपीट में बदल गई।
आरोप है कि विवाद के दौरान बल्ली निषाद के बड़े भाई और उसके पुत्रों ने लाठी-डंडों और चाकू से हमला कर दिया। हमले में बल्ली निषाद गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बचाने पहुंचे उसके छोटे भाई नागेंद्र निषाद (28) पर भी चाकू से वार किया गया, जिससे वह भी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डुमरी ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही तरकुलवा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। मेडिकल कॉलेज में दोनों घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
Source link
देवरिया में हैंडपंप पर पानी भरने को लेकर मारपीट:चाकू और लाठी-डंडे से हमले का आरोप, दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल