सकलडीहा में 5 लाख के गहने चोरी, पुलिस जांच जारी:पुरुष सदस्य बैद्यनाथ धाम गए हुए थे, घर में महिलाएं अकेली थीं


चंदौली के सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के नागेपुर गांव में शुक्रवार रात चोरों ने एक घर से लगभग 5 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चुरा ली। घटना के समय घर में केवल महिलाएं थीं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना नागेपुर गांव में सकलडीहा-अमावल रजवाहा पर स्थित धनंजय राजभर के मकान में हुई। धनंजय राजभर बैद्यनाथ धाम गए हुए थे। घर पर उनकी मां जीरा देवी, पत्नी सुनीता देवी और उनकी बेटी मौजूद थीं। शुक्रवार रात सभी खाना खाने के बाद घर के बाहर चारपाई पर सो गए थे। पीड़ित की मां जीरा देवी ने बताया कि भोर में करीब 3 बजे जब उनकी नींद खुली और वह घर के अंदर गईं, तो उन्होंने सभी कमरों के दरवाजे खुले पाए। आलमारी और बक्सों के ताले टूटे हुए थे और सारा सामान बिखरा पड़ा था। यह देखकर वह स्तब्ध रह गईं और मदद के लिए चिल्लाने लगीं। आसपास के लोग तुरंत मौके पर जमा हो गए। सुबह धनंजय राजभर भी बैद्यनाथ धाम से लौट आए। उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी। धनंजय राजभर के अनुसार, चोर दो सोने के मंगलसूत्र, लवंग, बाली, झुमका, टप्स, चांदी के छागल, पैजनी, मीना, सिकड़ी, छल्ला, करधनी और 500 रुपये नकद ले गए हैं। इस बड़ी चोरी से गरीब परिवार सदमे में है। धनंजय ने अपनी मेहनत की कमाई से जुटाए गए सामान की बरामदगी और चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है। थानाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार निषाद ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और चोरों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *