![]()
रक्षाबंधन से पहले कानपुर के बाजारों में नकली और मिलावटी खोये की बिक्री रोकने के लिए खाद्य विभाग ने शनिवार को एक्सप्रेस रोड, हटिया खोया मंडी और फजलगंज में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान कई दुकानदार दुकानें बंद कर भाग निकले, जबकि कुछ स्थानों पर व्यापारियों ने हंगामा किया। जांच में करीब 450 किलो खोया बदबूदार और दूषित मिला, जिसे टीम ने नष्ट करा दिया। इसके अलावा 19 नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। हटिया में मिला 450 किलो बदबूदार खोया, कराया नष्ट असिस्टेंट कमिश्नर फूड कानपुर संजय प्रताप सिंह ने बताया कि डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह के आदेश पर मिलावटी खोये की बिक्री के खिलाफ अभियान चलाया गया। टीम ने सबसे पहले हटिया खोया मंडी में छापेमारी की। यहां बिक्री के लिए रखा करीब 450 किलो खोया जांच में दूषित और बदबूदार मिला। खाद्य कारोबारी की सहमति से टीम ने खोया मौके से हटवाया और बाबूपुरवा स्थित नगर निगम के यार्ड में ले जाकर उसका विनष्टीकरण कराया। इसके बाद टीम ने एक्सप्रेस रोड स्थित प्रेम खोया भंडार पर छापेमारी की। कार्रवाई की जानकारी मिलते ही आसपास के व्यापारियों में अफरा-तफरी मच गई। कई दुकानदार दुकानें बंद कर वहां से निकल गए। कुछ व्यापारियों ने हंगामा भी किया। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने जांच प्रक्रिया को लेकर अधिकारियों के सामने अपनी आपत्ति रखी। अधिकारियों ने उन्हें खाद्य सुरक्षा मानकों और जांच की प्रक्रिया की जानकारी दी। इसके बाद प्रतिष्ठान का निरीक्षण कर नियमानुसार नमूने लिए गए। त्योहार तक जारी रहेगा अभियान खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार त्योहारों के दौरान खोये और मिठाइयों की मांग बढ़ जाती है। इसे देखते हुए मिलावट और दूषित खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए निगरानी बढ़ाई गई है। अभियान के दौरान लिए गए 19 नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट में नमूने मानकों के विपरीत पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि रक्षाबंधन तक अभियान जारी रहेगा। ये अधिकारी रहे शामिल असिस्टेंट कमिश्नर फूड कानपुर संजय प्रताप सिंह के साथ सहायक आयुक्त (खाद्य) कानपुर मंडल सुनील शर्मा, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार पांडे, खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रदीप कुमार, संजय सिंह, पल्लवी शर्मा और आकांक्षा जायसवाल समेत राज्य सचल दल, जनपदीय और अंतर्जनपदीय टीमों के खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभियान में शामिल रहे।
Source link
रक्षाबंधन से पहले खोया मंडी में खाद्य विभाग की छापेमारी:हटिया, एक्सप्रेस रोड और फजलगंज में 450 किलो खोया नष्ट, 19 सैंपल जांच को भेजे