आगरा के क्रिकेट सितारों का जलवा:एक साथ 5 खिलाड़ियों को मिली बड़ी जिम्मेदारी,क्रिकेट प्रेमियों में खुशी की लहर


आगरा ताजनगरी के क्रिकेट खिलाड़ी एक बार फिर से मैदान पर अपना लोहा मनवाने को तैयार हैं। मंगलवार को शहर के लिए गर्व का दिन रहा, जब एक ही दिन पांच होनहार खिलाड़ियों को अलग-अलग स्तर पर बड़ी जिम्मेदारियां मिलीं। खिलाड़ियों की इस सफलता से शहर के क्रिकेट प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। विकेटकीपर-बल्लेबाज ध्रुव जुरैल को बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली तीन दिवसीय मल्टी-डे सीरीज के लिए इंडिया-ए टीम का कप्तान बनाया गया है। ध्रुव के कप्तान बनने की खबर मिलते ही क्रिकेट गलियारों में उत्साह का माहौल है। वहीं, भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा को भी बड़ी जिम्मेदारी मिली है। उन्हें जिंबाब्वे दौरे के लिए वनडे सीरीज में भारतीय महिला क्रिकेट टीम का उपकप्तान नियुक्त किया गया है। दीप्ति का यह चयन शहर की महिला क्रिकेट के लिए प्रेरणा है। युवा प्रतिभाओं में सान्वी शर्मा ने भी कमाल किया है। उन्हें दूसरी बार उत्तर प्रदेश की अंडर-19 महिला टीम की कप्तानी सौंपी गई है। उनके साथ ही भारती सिंह का भी यूपी अंडर-19 टीम में सदस्य के रूप में चयन हुआ है। इसके अलावा लकी पाराशर का उत्तराखंड की अंडर-19 टीम में चयन हुआ है। ध्रुव जुरैल को कप्तानी मिलने की सूचना मिलते ही उनके कोच परवेंद्र यादव की सदर स्थित स्प्रिंगडेल अकादमी में जश्न का माहौल बन गया। कोच परवेंद्र यादव ने बताया कि ध्रुव ने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और निरंतर शानदार प्रदर्शन के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि भविष्य में ध्रुव को सभी फॉर्मेट में टीम इंडिया की कप्तानी का मौका मिलेगा। अकादमी के जूनियर खिलाड़ियों ने भी इस खबर पर खुशी जताई है। बुधवार को अकादमी में मिठाई बांटकर जश्न मनाया जाएगा। उधर, दीप्ति शर्मा के उपकप्तान बनने पर उनके परिवार में भी खुशी का माहौल है। दीप्ति के कोच और भाई सुमित शर्मा ने कहा कि दीप्ति लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं। उनके चयन से माता-पिता को गर्व है। दीप्ति से प्रेरित होकर शहर की कई महिला खिलाड़ी रोजाना मैदान पर पसीना बहा रही हैं। उनसे आगे भी शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है। सान्वी शर्मा को दूसरी बार कप्तानी मिलना और भारती सिंह व लकी पाराशर का चयन आगरा की नई क्रिकेट प्रतिभाओं के लिए बड़ा प्रोत्साहन है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *