मथुरा में बिजली कटौती से लोग परेशान:व्यापारियों ने किया प्रदर्शन,7 सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन


मथुरा के वृंदावन में लगातार हो रही विद्युत कटौती और विद्युत व्यवस्थाओं में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर उद्योग व्यापार मंडल की वृंदावन इकाई के पदाधिकारियों एवं आमजन का आक्रोश बुधवार को सड़क पर दिखाई दिया। नगर अध्यक्ष धनेंद्र अग्रवाल बॉबी के नेतृत्व में व्यापारियों एवं स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग के खिलाफ पैदल मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। पैदल मार्च चुंगी चौराहे से शुरू होकर रंगजी मंदिर स्थित विद्युत विभाग के सब स्टेशन तक पहुंचा। बिजली व्यवस्था में तत्काल किया जाए सुधार सब स्टेशन पहुंचने के बाद व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने विद्युत विभाग के एसडीओ राहुल चौरसिया एवं JE सुनील कुमार को सात सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने विद्युत व्यवस्था में तत्काल सुधार कर समस्याओं का जल्द समाधान कराने की मांग की। नगर अध्यक्ष धनेंद्र अग्रवाल बॉबी ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्पष्ट निर्देश हैं कि धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराई जाए, लेकिन वृंदावन में आए दिन बार-बार होने वाली विद्युत कटौती से व्यापारी, स्थानीय निवासी और श्रद्धालु परेशान हैं। उन्होंने विद्युत कटौती के लिए अधिकारियों की जवाबदेही तय किए जाने की मांग की। खुले पैनल बॉक्स हों कवर धनेंद्र अग्रवाल ने कहा कि मुखर्जी पार्क में नया फीडर बने करीब पांच माह हो चुके हैं, लेकिन अभी तक उसे चालू नहीं किया गया है। फीडर को जल्द शुरू कराया जाए। इसके अलावा बाजारों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर खुले पड़े विद्युत बॉक्स एवं पैनलों को दुरुस्त कराया जाए। उन्होंने गौरा नगर कॉलोनी में ट्रांसफार्मर के पास 250 केवी का अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाए जाने की मांग की। उन्होंने बताया कि गौरा नगर कॉलोनी में 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन अंडरग्राउंड की जा चुकी है, लेकिन पुरानी लाइन अभी तक हटाई नहीं गई है। उसे तत्काल हटाया जाए। इसके साथ ही जर्जर हालत में खड़े विद्युत खंभों को दुरुस्त करने तथा मंदिरों के आसपास लटक रहे खुले तारों और केबलों को व्यवस्थित कराने की मांग भी की गई। SDO ने दिए जल्द सुधार लाने का आश्वासन इस मौके पर एसडीओ राहुल चौरसिया ने कहा कि व्यापार मंडल द्वारा सात सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन दिया गया है। संबंधित मांगों को लेकर अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। जो मांगें उच्च अधिकारियों के स्तर से संबंधित हैं, उन्हें उनके समक्ष रखा जाएगा। उन्होंने व्यापारियों को जल्द से जल्द विद्युत व्यवस्थाओं में सुधार कराने का आश्वासन दिया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *