![]()
संभल में एक युवक की गलत इलाज से मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई की है। बुधवार दोपहर 2 बजे स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. मनोज चौधरी ने संबंधित बंगाली डॉक्टर के अस्पताल को सील कर दिया। ग्रामीण की मौत के बाद परिजनों के हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। यह घटना संभल तहसील के असमोली थाना क्षेत्र के अकबरपुर गहरा गांव की है। मृतक की पहचान भूकन (45) रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, भूकन को पेट दर्द और बुखार आने के बाद रविवार दोपहर करीब 2 बजे गांव निवासी बंगाली डॉक्टर अभिजीत पॉल के पास इलाज के लिए लाया गया था।परिजनों का आरोप है कि गलत इंजेक्शन लगने के बाद भूकन की हालत और बिगड़ गई। रविवार रात करीब 11:30 बजे उसकी मृत्यु हो गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि डॉक्टर ने भूकन को ठीक करने का आश्वासन देते हुए उनसे 1 लाख रुपये जमा करने को कहा था।
मृतक के बेटे सोनू कुमार ने बताया कि डॉक्टर ने दो घंटे में ठीक करने का दावा किया था और उनके कहने के बावजूद मरीज को संभल रेफर नहीं किया। भूकन की पत्नी रामवती ने थाना पुलिस को बंगाली डॉक्टर के खिलाफ शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। मृतक अपने पीछे तीन बेटे छोड़ गया है, जिनमें से बड़े बेटे की शादी हो चुकी है। थाना प्रभारी मोहित चौधरी ने बुधवार को बताया कि मृतक की पत्नी रामवती की शिकायत पर बंगाली डॉक्टर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उन्होंने पुष्टि की कि स्वास्थ्य विभाग के डॉ. मनोज चौधरी द्वारा अस्पताल को सील किया गया है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
संभल में युवक की मौत, बंगाली डॉक्टर का अस्पताल सील:पेट दर्द-बुखार के बाद भर्ती, गलत इलाज का आरोप, रिपोर्ट दर्ज