संभल में तेज आंधी और बारिश से मौसम बदला:12 मिलीमीटर बारिश हुई, सड़कों पर पानी भरा; पूरे दिन बारिश का अलर्ट


संभल में तेज आंधी के साथ करीब एक घंटे तक मूसलाधार बारिश हुई। तेज हवाओं के कारण मौसम में बदलाव आया है। यहां न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और 12 मिलीमीटर बारिश हुई। मौसम विभाग ने पूरे दिन तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। गुरुवार सुबह 7 बजे संभल तहसील के असमोली ब्लॉक के ऐंचौड़ा कम्बोह गांव और श्रीकल्कि धाम सहित पूरे इलाके में तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हुई। सुबह 10 बजे AQI 162 दर्ज किया गया। संभल शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में सुबह 7:30 बजे काले बादल छाने के साथ ही तेज बारिश होने लगी। पिछले पांच दिन से पड़ रही उमस भरी गर्मी से लोगों को इस बारिश के बाद राहत मिली है।
एक घंटे की बारिश के बाद संभल नगर पालिका परिषद क्षेत्र के कई इलाकों में जलभराव हो गया। सुबह कामकाज के लिए निकले लोगों को इस पानी के बीच से गुजरना पड़ा। संभल शहर के हल्लू सराय, ठेर, बाजार गंज, अस्पताल चौराहा, जिला अस्पताल रोड, कोट पूर्वी, हातिम सराय, हौज भदेसराय, देहली दरवाजा और महमूद खां सराय जैसे इलाकों की सड़कों पर पानी भर गया। चंदौसी शहर में 10 मिनट की बूंदाबांदी हुई, जबकि बनियाखेड़ा ब्लॉक के 25 से ज्यादा गांवों में 40 मिनट तक तेज बारिश हुई। संभल शहर के आसपास बारिश होने के बाद गंगा किनारे की गुन्नौर तहसील में मौसम सुहावना हो गया है। यहां हल्की धूप के साथ बादल छाए हुए हैं। जिला मुख्यालय बहजोई कस्बे में भी मौसम अच्छा है।
अर्पित कुमार ने बताया कि सुबह हुई बारिश से मौसम अच्छा हो गया है। पिछले चार-पांच दिन से गर्मी से बुरा हाल था। असमोली गांव के किसान ध्यान सिंह ने कहा कि आज तेज आंधी के साथ हुई बारिश से धान की फसल को ज्यादा नुकसान होने की आशंका है। 1 जून से 31 अगस्त तक 1026 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी। वहीं, सितंबर महीने में 90 मिलीमीटर बारिश हुई है। जनपद संभल में सामान्य के मुकाबले 16 प्रतिशत अधिक बारिश हुई।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *