![]()
संभल में शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा के बीच जुमे की नमाज अदा की गई। यह नमाज सुप्रीम कोर्ट द्वारा विवादित धार्मिक स्थल के दोनों पक्षों को आपसी समझौते से मामला सुलझाने की सलाह के बाद हुई। हालांकि, ACJM की अध्यक्षता में हुई वार्ता विफल रही थी। संभल कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कोट पूर्वी स्थित शाही जामा मस्जिद में दोपहर 01:40 बजे मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नमाज अदा की। लगभग 02:15 बजे सभी नमाजी शांतिपूर्वक अपने घरों को लौट गए। नमाज के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। सत्यव्रत पुलिस चौकी पर बने सीसीटीवी कंट्रोल रूम से जामा मस्जिद क्षेत्र की लगातार निगरानी की गई। संभल कोतवाली पुलिस ने RRF-PAC के साथ फुट पेट्रोलिंग की। मस्जिद आने वाले तीनों रास्तों पर बैरियर लगाकर RRF-PAC के 50 जवान तैनात किए गए थे। 24 नवंबर 2024 की हिंसा के बाद से विवादित धार्मिक स्थल के चारों ओर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद है। नमाज अदा करने वालों के अलावा किसी को भी क्षेत्र में आने की अनुमति नहीं दी गई। चौकी प्रभारी सतीश कुमार पुलिस बल के साथ अलर्ट पर रहे। नमाज में सईद अख्तर, मोहम्मद फैसल, जियाउल हक, रेहान, इसराईली, अजीम, मोहम्मद शाह हुसैन, मोहम्मद अकरम, कमर, कमाल, शमीम, नवाब साद आदिल, इसरार हुसैन, आदिल, शकील, अकील, नंन्हे, गुलाम आजाद, तैयब हसन, मोहम्मद तालिब इब्राहिम, पप्पू और फिरोज सहित कई लोग मौजूद रहे। अल्ली पहलवान ने बताया कि मस्जिद में 700-800 के आसपास लोग नमाज अदा करने आए थे। उन्होंने पुलिस-प्रशासन की व्यवस्था को अच्छा बताया और कहा कि किसी भी नमाजी को कोई दिक्कत नहीं हुई। सुप्रीम कोर्ट की सलाह पर उन्होंने कहा कि दोनों ही पक्षों को आपस में बैठकर मामले को सुलझा लेना चाहिए, जो संभल के लिए बेहतर होगा।
Source link
संभल में जुमे की नमाज शांतिपूर्ण अदा:800 नमाजी पहुंचे, SC की सलाह पर नमाजी बोले- दोनों पक्ष सुलझाएं मामला