![]()
संभल में शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जुमे की नमाज अदा की गई। 24 नवंबर 2024 की हिंसा के बाद विवादित धार्मिक स्थल की ओर जाने वाले सभी तीन रास्तों को बैरियर लगाकर बंद कर दिया गया था। इस दौरान शाही जामा मस्जिद में 500 से अधिक लोगों ने नमाज अदा की। संभल कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कोट पूर्वी स्थित शाही जामा मस्जिद में दोपहर 01:40 बजे मुस्लिम समुदाय के लोग जुमे की नमाज के लिए पहुंचे। नमाज 02:30 बजे संपन्न हुई, जिसके बाद सभी लोग अपने-अपने घरों को लौट गए। सुरक्षा व्यवस्था के तहत सत्यव्रत पुलिस चौकी पर बने सीसीटीवी कंट्रोल रूम से जामा मस्जिद क्षेत्र की लगातार निगरानी की गई। थाना पुलिस ने आरपीएफ-पीएसी के साथ मिलकर फुट पेट्रोलिंग भी की। तीनों रास्तों पर बैरियर लगाकर फोर्स तैनात की गई थी और नमाज अदा करने वालों के अलावा किसी को भी आने की अनुमति नहीं दी गई। नमाज के दौरान देश, दुनिया और शहर में अमन-शांति, खुशहाली और आपसी भाईचारे की विशेष दुआएं मांगी गईं। समुदाय के लोगों ने आने वाले सभी त्योहारों के शांति और सौहार्द के साथ संपन्न होने की भी प्रार्थना की। गुलाम वारिस ने बताया कि उन्होंने अमन-शांति की दुआ की। अल्ली पहलवान ने कहा कि बहुत अच्छे माहौल में जुमे की नमाज अदा हुई, जिसमें 500 से अधिक लोग मौजूद रहे। नवाब साद आदिल ने स्थानीय प्रशासन के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि नमाज के दौरान देश और दुनिया की तरक्की, अमन-चैन और भाईचारा बनाए रखने के लिए विशेष दुआएं मांगी गईं।
Source link
संभल में कड़ी सुरक्षा के बीच जुमे की नमाज अदा:विवादित स्थल के तीन रास्ते बंद, सैकड़ों लोग जामा मस्जिद पहुंचे, फोर्स तैनात