![]()
श्रावस्ती जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने जिले के नगर निकायों में स्वच्छता व्यवस्था, विकास कार्यों की गुणवत्ता और जनसुविधाओं को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। बुधवार को करीब 12:00 से 1:00 बजे के बीच नगर पालिका परिषद भिनगा, नगर पंचायत इकौना और जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) की समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि सभी विकास कार्य पूरी गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ कराए जाएं। सरकारी धन का अनावश्यक कार्यों पर व्यय न हो। उन्होंने चेतावनी दी कि जांच में किसी भी प्रकार की वित्तीय अनियमितता या सरकारी धन के दुरुपयोग की पुष्टि होने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शहरों को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषणमुक्त बनाने के लिए कचरा प्रबंधन को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने सभी वार्डों से नियमित रूप से कचरा उठाकर उसका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने को भी कहा।
नागरिकों को घरों में हरे डस्टबिन में गीला और नीले डस्टबिन में सूखा कचरा डालने के लिए प्रेरित करने पर बल दिया गया। साथ ही, कचरा संग्रहण वाहनों का समय निर्धारित कर प्रत्येक मोहल्ले से नियमित डोर-टू-डोर कचरा उठान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में नगर क्षेत्रों में साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, हैंडपंप, नालियों की सफाई, एमआरएफ सेंटर और सार्वजनिक शौचालयों के संचालन की भी समीक्षा की गई। डीएम ने मुख्य मार्गों और सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई कराने, खराब स्ट्रीट लाइट और हैंडपंपों को तत्काल ठीक कराने तथा नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं हर हाल में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, जन्म-मृत्यु पंजीकरण, भवन मानचित्र, दाखिल-खारिज, पीएम सूर्य घर योजना और पीएम स्वनिधि योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी लंबित मामलों का समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर निकायों की कार्यप्रणाली का नियमित मूल्यांकन किया जाएगा और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Source link
डीएम ने नगर निकायों के कार्यों की समीक्षा की:स्वच्छता, विकास में लापरवाही बर्दाश्त नहीं; कहा- सरकारी धन के दुरुपयोग पर होगी कार्रवाई