कांवड़ मार्ग के होटल-ढाबों पर लगेंगे QR कोड:बरेली में फूड सेफ्टी ऐप से करें शिकायत, 1 घंटे में होगी कार्रवाई


कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों को शुद्ध और सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने के लिए बुधवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने एक नई पहल की है। अब कांवड़ मार्ग पर स्थित होटल, ढाबों और रेस्तरां में क्यूआर कोड लगाए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से श्रद्धालु खाने की गुणवत्ता, मिलावट, गंदगी या अधिक कीमत वसूलने जैसी शिकायतें सीधे विभाग तक ऑनलाइन भेज सकेंगे। विभाग ने कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले दिल्ली-लखनऊ हाईवे सहित प्रमुख कांवड़ मार्गों पर विशेष अभियान चलाया। इस दौरान होटल, ढाबों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे खाद्य लाइसेंस और रेट लिस्ट दुकान के बाहर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करें। शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रत्येक प्रतिष्ठान पर क्यूआर कोड भी लगाए जा रहे हैं। फूड सेफ्टी कनेक्ट ऐप के माध्यम से प्राप्त होने वाली शिकायतों पर विभाग एक घंटे के भीतर कार्रवाई करेगा। शिकायत मिलते ही संबंधित खाद्य सुरक्षा अधिकारी मौके पर पहुंचेंगे और आवश्यकता पड़ने पर खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच की जाएगी। विभाग ने शिकायतों के निस्तारण के लिए एक घंटे की समय-सीमा निर्धारित की है। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल ने बताया कि कांवड़ मार्ग पर संचालित सभी होटल, ढाबों और रेस्तरां के लिए खाद्य लाइसेंस सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करना अनिवार्य है। उन्होंने यह भी कहा कि कोई भी कांवड़िया या श्रद्धालु फूड सेफ्टी कनेक्ट ऐप के जरिए शिकायत दर्ज करा सकता है, जिस पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। विभाग की टीमें विभिन्न प्रतिष्ठानों पर क्यूआर कोड लगाने का कार्य लगातार कर रही हैं। सेटेलाइट क्षेत्र सहित कई प्रमुख होटलों और ढाबों पर यह व्यवस्था पहले ही लागू की जा चुकी है। अधिकारियों के अनुसार, इस पहल का मुख्य उद्देश्य कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराना, खाद्य कारोबार में पारदर्शिता बढ़ाना और शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करना है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *