श्रीकांत त्यागी की हत्या की साजिश का आरोप:राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल ने डीएम ऑफिस पर प्रदर्शन किया, श्रीकांत को Z+ सुरक्षा देने की मांग


राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीकांत त्यागी के लिए तत्काल Z+ श्रेणी की सुरक्षा की मांग की है। दल ने कलेक्ट्रेट में एक ज्ञापन प्रस्तुत कर आरोप लगाया कि त्यागी की हत्या की साजिश रची जा रही थी। ज्ञापन में लाखों कार्यकर्ताओं और भृगुवंशी समाज (त्यागी, ब्राह्मण, भूमिहार) के करोड़ों लोगों का हवाला दिया गया। श्रीकांत त्यागी राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल के संस्थापक और राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। कहा कि पहले उन्हें ‘वाई’ श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त थी। एक स्वतंत्र राजनीतिक दल के गठन के बाद, उन्हें देश भर के लगभग 14 राज्यों में जनसंपर्क, संगठन विस्तार और पार्टी के प्रचार-प्रसार के लिए लगातार यात्रा करनी पड़ती है। ज्ञापन में कहा गया है कि श्रीकांत त्यागी ब्राह्मण, भूमिहार और त्यागी समाज के सम्मान व अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार आवाज उठा रहे हैं। हाल के समय में उत्तर प्रदेश में ब्राह्मण समाज के विरुद्ध अपराधों और हत्याओं में वृद्धि देखी गई है, जिससे समाज में असुरक्षा का माहौल है। इन परिस्थितियों में उनकी सुरक्षा और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। एक गंभीर घटना 10 मार्च 2026 को सामने आई। गाजियाबाद से पूर्वांचल भ्रमण के दौरान, श्रीकांत त्यागी के मुख्य वाहन के पीछे चल रहे एस्कॉर्ट वाहन में बैठे निजी सुरक्षाकर्मी रोबिन सिंह ने एक अज्ञात व्यक्ति से फोन पर बात करते हुए त्यागी के लिए जातिसूचक और अभद्र शब्दों का प्रयोग किया। बातचीत के दौरान, “सीने में गोली मारकर हत्या कर देने” जैसी गंभीर जानलेवा हमले की साजिश रची जा रही थी। इस पूरी बातचीत को वाहन चालक ने रिकॉर्ड कर लिया था। यह जानकारी सार्वजनिक होने के बाद, आरोपी रोबिन सिंह ने वाहन चालक को पिस्तौल दिखाकर जबरन वाहन को बीच सड़क पर रुकवाया और फरार हो गया। घटना की सूचना तत्काल पार्टी के सभी कार्यालयों को दी गई। बाद में, रोबिन सिंह अपना वाहन लेने के लिए सेक्टर-110, नोएडा स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचा, जिसे वह गलती से वहीं छोड़ गया था। पूर्व-सूचित पार्टी कार्यालय के कर्मचारियों ने उसे वहीं पकड़ लिया। उन्होंने कहा कि रोबिन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। यदि कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी ने आंदोलन के चेतावनी भी दी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *