साधू यादव के रोडशो ने बढ़ाया कैंपियरगंज का सियासी तापमान:सपा के ब्राह्मण चेहरों को पोस्टर में जगह दी; प्लान बी तैयार


कैंपियरगंज में सपा के भीतर घमासान जारी है। नवीन यादव के जवाब में साधू यादव ने एक बड़ा रोड शो किया। रोड शो उनके प्रति सहानुभूति की कहानी बयां करता नजर आ रहा था। हालांकि अनुमति के नाम पर उनके रोड शो का रास्ता रोक दिया गया, समर्थकों ने पुलिस ने झड़प भी कर ली लेकिन साधु यादव के नेतृत्व में आधे समर्थकों ने निर्धारित मार्ग से रोड शो पूरा कर लिया। साधु के समर्थन में जुटी भीड़ ने इस विधानसभा क्षेत्र में सियासी तापमान बढ़ा दिया है। सपा के साथ-साथ भाजपाई खेमे में भी इससे बेचैनी है। साधु ने इस कदम से यह संकेत दे दिया है कि वह हर हाल में प्रत्याशी बनने जा रहे हैं। अपने पोस्टर में उन्होंने सपा के राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ दो ब्राह्मण चेहरों-नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय व स्व. हरिशंकर तिवारी के पुत्र पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी को जगह देकर ब्राह्मणों को अपने साथ जोड़ने की कोशिश भी की है। इस शक्ति प्रदर्शन की गूंज दूर तक सुनी गई लेकिन इसके बाद भी यदि पार्टी अपना फैसला नहीं बदलती तो साधु के पास प्लान बी भी तैयार है। 6 सितंबर को साधु यादव ने रोड शो निकाला था। जब रोड शो के लिए लोग एकत्र हुए तो इसकी गंभीरता बढ़ने लगी। बड़ी संख्या में बाइक, ट्रैक्टर व चारपहिया वाहन इसमें शामिल थे। पुलिस ने इसे बिना अनुमति वाला रोड शो बताकर रोक दिया। कार्यकर्ताओं से पुलिस की झड़प भी हुई। काफी देर तक जब रोड शो रुका रहा तो भीड़ और बढ़ गई। बाद में इसे आगे बढ़ाया गया। टोल प्लाजा के पास जाकर पुलिस को हल्का बल प्रयाग भी करना पड़ा। इससे रोड शो का एक हिस्सा पीछे ही रुक गया लेकिन लगभग आधे समर्थक निर्धारित मार्ग से चलते हुए समापन स्थल तक पहुंचे। नवीन की इंट्री के बाद साधु ने ताकत दिखायी नवीन यादव का दावा है कि उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कैंपियरगंज से चुनाव लड़ने को कहा है। वह कई गाड़ियों के साथ क्षेत्र में निकले थे। शुरू में साधु यादव, उनकी पत्नी व जिला पंचायत की पूर्व अध्यक्ष चिन्ता यादव राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलकर बात रखने की बात कह रहे थे। लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी जब राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात नहीं हुई तो जमीन पर ताकत दिखाने का फैसला लिया गया। हालांकि पुलिस के रोकने के कारण रोड शो को अच्छी-खासी चर्चा मिल गई। लेकिन उसके बाद भी पार्टी हाईकमान से कोई संदेश नहीं आया। जानिए क्या हो सकता है साधु का प्लान बी राजनीतिक जानकार बताते हैं कि साधु यादव अब भी इसी कोशिश में हैं कि उन्हें सपा टिकट दे दे। उनके समर्थक बार-बार यह कह रहे हैं कि इस बार साधु को लड़ने दीजिए, अगली बार जिसे कहेंगे, हम वोट देंगे। चर्चा इस बात की है कि यदि साधु को टिकट नहीं मिला तो वह प्लान बी पर काम करेंगे। प्लान बी भी चुनाव लड़ने को लेकर है। यह माना जा रहा है कि टिकट न मिलने की स्थिति में भी साधु सहानुभूति की नाव पर सवार होकर चुनावी मझधार से निकलना चाहेंगे।
पार्टी हाईकमान की ओर से एक बार फिर चुनाव के समय समझाया जा सकता है लेकिन साधु मानेंगे, इसकी संभावना कम है। उनके ऊपर उनके समर्थकों का दबाव भी है। जिस तरह से कैंपियरगंज में 30 से अधिक कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज किए गए, उससे साधु के प्रति सहानुभूति बढ़ती जा रही है। इससे भाजपाई खेमे में भी बेचैनी है। 5 ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोंच्चार के बीच शुरू हुआ रोड शो
साधु यादव ने ब्राह्मण मतदाताओं को साधने के लिए पोस्टर पर ब्राह्मण नेताओं की फोटो लगी है। इसके साथ ही रोड शो शुरू करने से पहले सड़क पर ही शंख ध्वनि के बीच 5 ब्राह्मणों ने विधिवत मंत्रोच्चार क रोड शो का शुभारंभ किया। रोड शो शुरू होने से पहले मंत्रोच्चारण कराकर उन्होंने लोगों के बीच एक बड़ा संदेश दिया है।
दूसरी पार्टी का भी हो सकता है विकल्प साधु के एक समर्थक ने नाम गोपनीय रखने की शर्त पर बताया कि चिल्लूपार वाली स्थिति यहां भी दोहरायी जा सकती है। साधु को सपा से यदि टिकट नहीं मिला तो भी वह चुनाव लड़ सकते हैं। किसी और दल में जाने को लेकर फैसला नहीं हुआ है। हालांकि निर्दल प्रत्याशी के रूप में उनकी दावेदारी हो सकती है। फिलहाल साधु को यह भरोसा है कि बदली परिस्थितियों में सपा उनके नाम पर विचार जरूर करेगी। जानिए साधु ने क्या कहा साधु अभी अपनी निष्ठा सपा के साथ ही व्यक्त कर रहे हैं लेकिन चुनाव में अभी समय है। साधु ने उनका रोड शो रोकने पर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि जब भीड़ हुई तो सबके होश उड़ गए। पुलिस ने जब उनका आवेदन निरस्त कर दिया था तो उसकी जानकारी क्यों नहीं दी गई। पुलिस चाहती तो जहां लोग एकत्र हो रहे थे, वहीं रोक देती। पुलिस ने ही एक जगह बहस के नाम पर रोका और खूब भीड़ बढ़ी। उन्होंने अपने समर्थकों का आभार जताया है। साधु यादव ने कहा कि वह हर कार्यकर्ता के साथ खड़े हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *