शुक्लागंज में नए गंगा पुल के पिलर लगने शुरू:2 माह में 6 पिलर बनेंगे, 2 साल में पुल बनाने की उम्मीद


उन्नाव में कानपुर और शुक्लागंज को जोड़ने वाले नए गंगा पुल का निर्माण अब शुक्लागंज छोर पर भी तेज हो गया है। लंबे इंतजार के बाद शुक्रवार से मिश्रा कॉलोनी की तरफ पिलर पायलिंग का काम शुरू हो गया। गंगा किनारे निर्माण स्थल पर मशीन पहुंचने के बाद जमीन के अंदर पिलर की नींव बनाने का काम शुरू हुआ। कार्यदायी संस्था के अधिकारियों के अनुसार, अब इस हिस्से में निर्माण तेजी से कराया जाएगा। शुक्लागंज छोर पर छह पिलर की पायलिंग होनी है, जिसे करीब डेढ़ से दो महीने में पूरा करने का लक्ष्य है। नए पुल का निर्माण इसी साल जनवरी में कानपुर छोर से शुरू हुआ था। जून तक कानपुर की तरफ पुल के लगभग आधे हिस्से में पिलर पायलिंग का काम तेजी से पूरा कर लिया गया था। इसके बाद शुक्लागंज छोर पर काम शुरू करने की तैयारी थी, लेकिन यहां जमीन खाली कराने में ज्यादा समय लग गया। पुल के रास्ते में करीब 40 मकान आ रहे थे। प्रभावित मकान मालिकों को मुआवजे की चेक देने के बाद मकानों को गिराने का काम शुरू हुआ। मकानों को हटाने के बाद भी निर्माण स्थल पर जमा मलबा पायलिंग के काम में रुकावट बन रहा था। भारी मशीन को सही जगह तक पहुंचाने के लिए पहले मलबा हटाया गया। अब जमीन साफ होने के बाद पायलिंग मशीन मौके पर पहुंची और काम शुरू हो सका। इससे पुल निर्माण के शुक्लागंज छोर पर भी काम में तेजी दिख रही है। पुल निर्माण के रास्ते में आ रहे आठ हरे पेड़ों को भी हटाया गया है। इनमें चार पीपल, तीन नीम और एक शीशम के पेड़ शामिल थे। पेड़ों और मकानों को हटाने के बाद निर्माण स्थल को मशीन के लिए तैयार किया गया। कार्यदायी संस्था ने मौके पर एक अस्थायी कार्यालय भी बनाया है। इसी कार्यालय से निर्माण कार्य की निगरानी और गतिविधियों को संभाला जाएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *