![]()
अयोध्या के कुमारगंज अस्पताल में 60 साल से ऊपर के बुजुर्ग मरीजों को अब इलाज के लिए लंबी लाइन में नहीं लगना पड़ेगा। अस्पताल प्रशासन ने वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए एक नई व्यवस्था आज से शुरू की है। अस्पताल में वरिष्ठ नागरिकों के लिए ओपीडी पर्चा बनाने के लिए एक अलग काउंटर बनाया गया है। यहां बुजुर्गों को पीले रंग का पर्चा दिया जा रहा है। यह पीला पर्चा मिलते ही उन्हें डॉक्टर से मिलने के लिए घंटों इंतजार नहीं करना पड़ता। वे सीधे डॉक्टर के पास जाकर अपना इलाज करा सकते हैं। पहले बुजुर्गों को आम मरीजों के साथ लंबी लाइन में लगना पड़ता था, जिससे उन्हें बहुत परेशानी होती थी। धनैचा निवासी तिलक राम, शंकर देवी, उमाशंकर और विजय बहादुर जैसे वरिष्ठ नागरिकों ने बताया कि पहले पर्चा बनवाने और डॉक्टर को दिखाने में कई घंटे लग जाते थे। वे खड़े-खड़े थक जाते थे। अब अलग काउंटर से तुरंत पर्चा बन जाता है और डॉक्टर भी पीला पर्चा देखते ही उन्हें तुरंत देख लेते हैं। इस नई व्यवस्था के बारे में अस्पताल के सीएमएस डॉ. रवि पाण्डेय ने शुक्रवार 18 सितंबर को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अस्पताल में आने वाले वरिष्ठ नागरिकों को इलाज के लिए लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता था, जिससे कई दिक्कतें आती थीं। बुजुर्गों की इसी परेशानी को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। डॉ. पाण्डेय ने बताया कि अस्पताल में हर दिन 500 से 600 मरीज ओपीडी में आते हैं। इतनी भीड़ में बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी होती थी। अब पीला पर्चा व्यवस्था से उन्हें प्राथमिकता दी जा रही है। जैसे ही वे पीला पर्चा लेकर डॉक्टर के पास पहुंचते हैं। उन्हें बिना नंबर का इंतजार किए देखा जाता है और जल्दी दवा लिख दी जाती है। इस पहल से वरिष्ठ नागरिकों में खुशी है और उन्होंने अस्पताल प्रशासन का धन्यवाद किया है।
Source link
कुमारगंज अस्पताल में बुजुर्गों को नहीं लगानी पड़ेगी लाइन:पीले पर्चे से तुरंत इलाज मिलेगा; 60 साल से ऊपर के वरिष्ठ नागरिकों को प्राथमिकता