शाहजहांपुर में 8वीं की छात्रा से छेड़छाड़:पुलिस पर समझौता कराने का आरोप, बोली- डर से स्कूल नहीं जा रही हूं


शाहजहांपुर में 8वीं कक्षा की एक छात्रा ने गांव के ही एक युवक पर कई बार छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। छात्रा के परिजनों ने पुलिस पर आरोपी से समझौता कराने का भी आरोप लगाया है। डर के कारण छात्रा कई दिनों से स्कूल नहीं जा रही है। मंगलवार दोपहर तीन बजे पीड़िता के पिता ने थाने में तहरीर दी। यह घटना थाना मदनापुर क्षेत्र के एक गांव की है। परिजनों के अनुसार, पहली घटना 16 जुलाई की रात को हुई थी, जब आरोपी घर में घुस आया और छात्रा से छेड़छाड़ की। अगले दिन उसने रास्ते में भी छात्रा को रोका और उसे उठा ले जाने की धमकी दी। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने इस मामले में सख्त कार्रवाई करने के बजाय दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया था। इसके बाद युवक ने फिर से छात्रा को परेशान करना शुरू कर दिया। पीड़िता ने बताया कि गांव का युवक उसे लगातार परेशान कर रहा है। समझौते के बाद भी उसने फिर से छेड़छाड़ शुरू कर दी और अब उसे उठा ले जाने की धमकी दे रहा है। इसी डर से वह पढ़ाई के लिए स्कूल भी नहीं जा पा रही है। छात्रा के पिता ने आरोप लगाया कि युवक उनकी बेटी को लगातार परेशान कर रहा है और तीन बार छेड़छाड़ कर चुका है। थाने में शिकायत करने पर पुलिस ने आरोपी को पकड़ा था, लेकिन बाद में राजीनामा करा दिया। सोमवार शाम को जब बेटी खेत पर जा रही थी, तो आरोपी ने उसे घेर लिया और शिकायत करने के परिणाम भुगतने की धमकी दी। पीड़िता की मां ने बताया कि एक रात आरोपी उनके घर में घुस आया था। जब उन्होंने उसे भगाया, तो वह फिर से आ गया। मां और बेटी एक साथ सो रही थीं, तभी आरोपी ने बेटी के पैर पकड़े, जिस पर वह चिल्लाई। मां ने डंडे से हमला किया, जिससे उनकी चारपाई भी टूट गई। इस मामले में थाना प्रभारी सत्य प्रकाश का कहना है कि उन्हें समझौते की कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि प्रकरण की जांच कराई जा रही है और उचित कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *