![]()
एनआरएलएम और यूपीएसआरएलएम से जुड़ी महिला कर्मियों का मानदेय को लेकर धरना मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। ये महिलाएं लंबे समय से रुके हुए मानदेय की मांग कर रही हैं। उनका कहना है कि अधिकारियों के सामने कई बार समस्या बताने के बाद भी अब तक कोई समाधान नहीं हुआ है। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने साफ कहा कि जब तक उनकी मांग पर कार्रवाई नहीं होती, उनका प्रदर्शन जारी रहेगा। करहल ब्लॉक में काम करने वाली शिल्पा मिश्रा ने बताया कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी अलग-अलग कैडर की महिलाएं यहां मौजूद हैं। शिल्पा ने कहा कि उनकी मांग सिर्फ कुछ महिलाओं के मानदेय की नहीं, बल्कि समूह से जुड़ी हर पात्र महिला को उसका मानदेय दिलाने की है। उन्होंने आरोप लगाया कि सीएलएफ में कथित घोटाले को लेकर जिलाधिकारी समेत कई अधिकारियों को पत्र दिए गए थे, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। महिलाओं को बातचीत के लिए बुलाया था शिल्पा ने बताया कि प्रशासन की ओर से महिलाओं को शपथ पत्र बनवाने और अपने काम से जुड़े दस्तावेज जमा करने को कहा गया है। महिलाओं की मांग है कि अगर शपथ पत्र लेना है, तो संबंधित अधिकारी धरना स्थल पर ही आकर लें। महिलाओं का कहना है कि वे धरना स्थल छोड़कर अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाना चाहतीं। उन्हें भुगतान नहीं मिल पा रहा है, जबकि वे लगातार अधिकारियों के चक्कर लगा रही हैं। इस मामले में जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि सोमवार शाम को महिलाओं को बातचीत के लिए बुलाया गया था। उन्होंने बताया कि महिलाओं से अपने काम का सबूत और उन्होंने कब तक काम किया, इसका प्रमाण देने को कहा गया है।
Source link
मानदेय की मांग पर सखियों का धरना जारी:डीएम बोले- काम का प्रमाण या शपथपत्र दें, एक हफ्ते में मिलेगा मानदेय