![]()
शाहजहांपुर में ग्रामीण समस्याओं के समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए शुक्रवार को 25 न्याय पंचायतों में जन चौपाल आयोजित की जाएगी। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने सभी तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण, अनिवार्य उपस्थिति और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
विकास भवन सभागार में देर शाम आयोजित बैठक में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने नोडल अधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन चौपाल का संचालन सुबह 8 बजे से शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधान, कोटेदार, लेखपाल, एडीओ पंचायत, पंचायत मित्र, पंचायत सचिव सहित सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य होगी। राजस्व संबंधी शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण डीएम ने निर्देश दिए कि चौपाल के दौरान जनकल्याणकारी योजनाओं की सूची और खतौनी पढ़कर सुनाई जाए। नाम, अंश निर्धारण, विरासत, चकमार्ग, सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे और अन्य राजस्व संबंधी शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि चौपाल के बाद कोई भी शिकायत लंबित नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने योजनाओं से वंचित पात्र व्यक्तियों को चिन्हित कर उन्हें लाभ दिलाने तथा अपात्र लाभार्थियों को सूची से बाहर करने के निर्देश भी दिए। जन चौपाल के माध्यम से गांवों से जुड़ी आवश्यक सूचनाएं एकत्र करने पर भी जोर दिया गया।
लोगों के आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनवाने की जिम्मेदारी पुलिस विभाग मिशन शक्ति और साइबर अपराध से बचाव के संबंध में लोगों को जागरूक करेगा। वहीं स्वास्थ्य विभाग को 70 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनवाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिलाधिकारी ने गांवों के मुख्य मार्गों और स्कूल जाने वाले रास्तों की स्थिति सुधारने, जर्जर विद्यालयों की जानकारी उपलब्ध कराने तथा हाईटेंशन विद्युत लाइनों का विवरण तैयार करने के निर्देश दिए। डीपीआरओ को प्रत्येक गांव में सप्ताह में कम से कम एक बार फॉगिंग कराने और सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया। जन चौपाल में राजस्व, विकास, समाज कल्याण, विभिन्न पेंशन योजनाओं, जलापूर्ति और अन्य विभागों से संबंधित मामलों की समीक्षा की जाएगी। जनपद स्तरीय अधिकारी अपने-अपने विभागों के कार्यों का निरीक्षण करेंगे। चौपाल में प्राप्त सभी शिकायतों को आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज कर उनका समयबद्ध निस्तारण कराया जाएगा। डीएम ने कहा कि जन चौपाल का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को मौके पर सुनकर उनका प्रभावी समाधान करना और पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Source link